बिहार की राजधानी पटना में आधार कार्ड की व्यक्तिगत जानकारियों में अवैध बदलाव करने वाले बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में झारखंड के रांची स्थित अपर बाजार निवासी चितरंजन कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया है। आरोपित कथित तौर पर आधार सेंटर के एक निलंबित कर्मचारी की लॉगिन आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल कर लोगों के आधार रिकॉर्ड में अवैध तरीके से बदलाव कर रहा था।पुलिस के अनुसार, आरोपित के पास से बरामद लैपटॉप की जांच में सैकड़ों लोगों के आधार कार्ड से जुड़े रिकॉर्ड मिले हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक आइरिस स्कैनर भी जब्त किया गया है। बरामद डेटा मिलने के बाद पुलिस इस मामले को गंभीर साइबर अपराध के रूप में देख रही है।
नाम-पता बदलने के नाम पर वसूली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित लोगों से संपर्क कर उनके आधार कार्ड में नाम, पता और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां बदलवाने का दावा करता था। इसके बदले वह लोगों से चार हजार से लेकर 14 हजार रुपये तक वसूलता था। पूछताछ में आरोपित ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले चार महीने से इस अवैध गतिविधि में सक्रिय था।
निजी डेटा साइबर अपराधियों तक पहुंचने की आशंका
साइबर डीएसपी कुमारी संगीता के मुताबिक, ललित भवन से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि निलंबित कर्मचारी की लॉगिन आईडी और पासवर्ड आरोपित तक कैसे पहुंचे। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।लैपटॉप में मिले आधार रिकॉर्ड का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जा रहा था, इसकी भी जांच हो रही है। पुलिस को आशंका है कि लोगों की निजी जानकारियां साइबर अपराधियों तक पहुंचाई जा रही थीं। आर्थिक लेनदेन और संभावित संपर्कों की पड़ताल के बाद इस फर्जीवाड़े के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
