रांची:झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपने आवास पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के सांसदों के साथ अहम बैठक करेंगे। बैठक दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। बैठक में परिसीमन के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र को देखते हुए इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संसद में परिसीमन को लेकर संभावित चर्चा और केंद्र सरकार के प्रस्तावों के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पार्टी के सांसदों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही इस मुद्दे पर पार्टी का रुख और आगे की रणनीति तय करने को लेकर सांसदों को दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
बैठक में शामिल होंगे JMM के छह सांसद
झारखंड से JMM कोटे के तीन लोकसभा सांसद और तीन राज्यसभा सांसद बैठक में शामिल होंगे।
लोकसभा सांसद:
जोबा माझी
नलिन सोरेन
विजय हांसदा
राज्यसभा सांसद:
महुआ माजी
डॉ. सरफराज अहमद
बैद्यनाथ राम
परिसीमन का मुद्दा झारखंड की राजनीति और संसदीय प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में मुख्यमंत्री की इस बैठक में होने वाली चर्चा पर राजनीतिक और संसदीय हलकों की नजर रहेगी।
रांची से करिश्मा सिन्हा की रिपोर्ट

