शिक्षा में बदलाव के सहभागी बनें शिक्षक, सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों के स्तर तक पहुंचाने का लें संकल्प : मिथिलेश तिवारी

मोबाइल फोन शिक्षक का विकल्प नहीं, बल्कि शिक्षा को प्रभावी बनाने का माध्यम : शिक्षा मंत्री

पटनाः शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं। उनकी भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे विद्यार्थियों का भविष्य संवारने और समाज का चरित्र गढ़ने का काम करते हैं। शिक्षकों को विद्यार्थियों की आवाज बनकर शिक्षा में बदलाव की यात्रा का सहभागी बनना चाहिए।

वे रविवार को महेंद्रू स्थित पीटीईसी में आयोजित पटना प्रमंडल अवार्ड समारोह-2026 को संबोधित कर रहे थे। टीबीटी हिस्ट्री मेकर्स की ओर से 'मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा' अभियान के तहत आयोजित इस समारोह में पटना प्रमंडल के 201 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि डिजिटल तकनीक आज शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल ज्ञान अर्जित करने तथा शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए होना चाहिए। हालांकि, मोबाइल फोन कभी शिक्षक का विकल्प नहीं बन सकता। तकनीक शिक्षक की क्षमता और कार्यकुशलता बढ़ाने का माध्यम है। डिजिटल शिक्षा का लाभ सुदूर गांवों तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से पढ़ाने के लिए शिक्षकों को जिन तकनीकों और संसाधनों की आवश्यकता होगी, शिक्षा विभाग उन्हें उपलब्ध कराएगा। स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और विभागीय कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सीके अनिल जैसे ईमानदार अधिकारी को अपर मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया है।

एक साल में सरकारी स्कूलों का स्तर सुधारने का लक्ष्य

मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों से अगले एक वर्ष में सरकारी विद्यालयों को निजी विद्यालयों के स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इसके लिए शिक्षकों को अपनी सोच और कार्यशैली में बदलाव लाना होगा। परफेक्शन हासिल करने के लिए परसेप्शन बदलना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य केवल विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा देना है। विद्यार्थियों में किताबी ज्ञान के साथ तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नैतिक मूल्यों का विकास भी जरूरी है।

नवाचारों को दूसरे शिक्षकों से साझा करने की अपील

शिक्षा मंत्री ने पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर के सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने नवाचारों और शिक्षण अनुभवों को दूसरे शिक्षकों के साथ साझा करें। इससे अन्य शिक्षकों को भी नई पहल करने की प्रेरणा मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समृद्ध बिहार और विकसित भारत की मजबूत नींव है। समारोह में पटना विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति केसी सिन्हा, रमेश चंद्रा, ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ शिक्षाविद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट