रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में रविवार को समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) रांची जिला के सभी प्रखंडों के बीपीएम, सीसी और एफटीसी के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपायुक्त ने स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान सभी ब्लॉक टीमों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए सभी को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि टीम की मेहनत और समर्पण से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है।उपायुक्त ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि राज्य सरकार अपनी सभी योजनाओं को महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार कर रही है। इसलिए इस प्रकार के बड़े कार्यक्रमों और अभियानों में महिलाओं की भागीदारी और अधिक होनी चाहिए। उन्होंने सभी ब्लॉक टीमों को निर्देश दिया कि वे महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करें तथा योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने में कोई कसर न छोड़ें।

बैठक में विभिन्न प्रखंडों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों, उपलब्धियों और चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उपायुक्त ने भविष्य की रणनीति और बेहतर समन्वय पर भी चर्चा की। यह बैठक जेएसएलपीएस की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। इस दौरान उपविकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी एवं सभी सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।