मोकामा: बिहार के पटना जिले के मोकामा थाना में पदस्थापित एक ASI पर केस में धाराएं कम करने और आरोपी को बचाने के नाम पर 25 हजार रुपये रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी ASI की पहचान मनोज पासवान के रूप में हुई है। मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने बाढ़ के एएसपी से लिखित शिकायत की है।
25 हजार रुपये लेने का लगाया आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, मोकामा के पूर्व प्राइवेट ड्राइवर रणवीर कुमार का आरोप है कि ASI मनोज पासवान ने एक मामले में धाराएं कम करने और आरोपी को राहत दिलाने के नाम पर उनसे 25 हजार रुपये लिए थे। हालांकि, बाद में संबंधित केस में गंभीर धाराएं लगा दी गईं। इसके बाद रणवीर कुमार ने कथित तौर पर दिए गए पैसे वापस मांगे। इसी बातचीत से जुड़ा एक ऑडियो अब वायरल हो रहा है, जिसमें पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।
आवास पर बुलाकर मारपीट करने का भी आरोप
रणवीर कुमार ने आरोप लगाया है कि पैसे वापस मांगने पर ASI मनोज पासवान ने उन्हें अपने आवास पर बुलाया और उनके साथ मारपीट की। इस संबंध में उन्होंने बाढ़ के एएसपी के पास लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
ASP ने 24 घंटे में जांच और कार्रवाई की बात कही
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ के एएसपी ने वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच का जिम्मा मोकामा थानाध्यक्ष को सौंपा है। साथ ही 24 घंटे के भीतर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई है।
इधर, कथित रिश्वतखोरी और मारपीट के आरोपों से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मची हुई है। फिलहाल पुलिस ऑडियो की प्रामाणिकता और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
मोकामा से कमाल उद्दीन की रिपोर्ट

