बड़ी खबर बोकारो से है, जहां पुलिस लाइन में आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक गाड़ी को पीछे करवाने के दौरान अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे गाड़ी पीछे करवा रहे होमगार्ड जवान चंदन सिंह के ऊपर गाड़ी चढ़ गई। इस हादसे में जवान का एक पैर और एक हाथ बुरी तरह चोटिल हुआ है, हालांकि गनीमत यह रही कि उनकी जान बच गई। घायल जवान को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल यानी BGH में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, आज सुबह बोकारो पुलिस लाइन में रूटीन कामकाज के दौरान एक गाड़ी को पीछे कराया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया। वाहन संभल पाता, इससे पहले ही वह पीछे करवा रहे होमगार्ड जवान चंदन सिंह के ऊपर चढ़ गई।

अचानक हुए इस हादसे से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य जवान और सहकर्मी हरकत में आए और घायल चंदन सिंह को संभाला। बिना देर किए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल यानी BGH ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। हादसे में चंदन सिंह के एक हाथ और एक पैर में गंभीर चोट आई है, लेकिन समय रहते मिली मदद और बचाव से एक बड़ी अनहोनी टल गई। फिलहाल घायल होमगार्ड जवान चंदन सिंह का BGH में इलाज चल रहा है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।