बिहार के भ्रष्ट अफसरों और इंजीनियरों की काली कमाई पर EOU का शिकंजा, सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग में अरबों की बेनामी संपत्तियों का खुलासा होने की आशंका
पटनाः
बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने जांच तेज कर दी है। बिहार के कई सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा भ्रष्टाचार से अर्जित काली कमाई को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में निवेश किए जाने की आशंका है। इसे लेकर EOU की विशेष टीम ने इन इलाकों में डेरा डाल दिया है। जांच एजेंसी को जमीन, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों में अरबों रुपये के निवेश की सूचना मिली है।

जानकारी के अनुसार, पूर्वी बिहार, कोसी और सीमांचल के विभिन्न जिलों में पदस्थापित रहे कई अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों ने सिलीगुड़ी तथा आसपास के क्षेत्रों में संपत्तियां खरीदी हैं। EOU की टीम ने जलपाईगुड़ी स्थित रजिस्ट्रेशन कार्यालय से पिछले दस वर्षों के दौरान हुई जमीन और अन्य अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड जुटाया है।

रिश्तेदारों और शेल कंपनियों के नाम पर निवेश की जांच

EOU अब जुटाए गए दस्तावेजों का मिलान बिहार के संदिग्ध अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम से कर रही है। इसमें उनके जीवनसाथी, रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि कई लोकसेवकों ने सीधे अपने नाम पर संपत्ति खरीदने के बजाय शेल कंपनियों और रिश्तेदारों के नाम का इस्तेमाल किया है।

नए साल में बड़े एक्शन की तैयारी

जांच एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, संपत्तियों से जुड़े आंकड़ों का सत्यापन अंतिम चरण में है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद नए साल में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा सकती है। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने और अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी हो सकती है। इस जांच को बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट