सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) की रांची जिला कमिटी के आह्वान पर जिले के 200 से अधिक सीटू सदस्य मजदूरों के अधिकारों, सम्मानजनक रोजगार, न्यूनतम मजदूरी एवं सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर एक दिसंबर को नई दिल्ली में आयोजित मजदूर संसद मार्च एवं तीन दिवसीय प्रदर्शन में शामिल होंगे। देशभर से एक लाख से अधिक मजदूरों की भागीदारी के लक्ष्य वाले इस कार्यक्रम में झारखंड से लगभग 3,000 सीटू सदस्य शामिल होंगे। एक दिसंबर को रामलीला मैदान से संसद की ओर मार्च और एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली में प्रदर्शन के माध्यम से देशभर के मजदूर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।इस कार्यक्रम में सीटू चारों मजदूर-विरोधी श्रम संहिताओं की वापसी, ट्रेड यूनियन एवं लोकतांत्रिक संघर्ष के अधिकारों की बहाली, सभी के लिए 42,000 रुपये मासिक न्यूनतम वेतन एवं 21,000 रुपये न्यूनतम पेंशन, योजना कर्मियों को श्रमिक का कानूनी दर्जा एवं सामाजिक सुरक्षा, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों में रिक्त पदों पर नियुक्ति, ठेका श्रमिकों का नियमितीकरण तथा समान काम के लिए समान वेतन की मांग उठाएगा।
इसके अलावा जल-जंगल-जमीन एवं प्राकृतिक संसाधनों पर मजदूरों, किसानों एवं आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा, जबरन विस्थापन पर रोक, एसआईआर की वापसी, मतदान के अधिकार की सुरक्षा, MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 के संघीय व्यवस्था-विरोधी प्रावधानों की वापसी तथा वीबी-ग्राम जी अधिनियम, 2025 को रद्द कर मनरेगा की बहाली की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।झारखंड के संदर्भ में एचईसी, रांची के पुनरुद्धार, पर्याप्त वित्तीय सहायता एवं कार्यशील पूंजी, कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान, पर्याप्त कार्यादेश एवं उत्पादन सुनिश्चित करने तथा निजीकरण और बंदी से एचईसी की रक्षा की मांग भी इस प्रदर्शन का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
सीटू रांची जिला कमिटी के अनुसार मजदूरों का संघर्ष केवल वेतन और रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आजीविका, सामाजिक सुरक्षा तथा संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का व्यापक संघर्ष है। रांची जिला कमिटी सभी मजदूरों एवं कर्मचारियों से दिल्ली में आयोजित इस ऐतिहासिक मजदूर संसद मार्च एवं प्रदर्शन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करती है।
