मुंगेर : बिहार के मुंगेर मंडल कारा में जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की. जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के नेतृत्व में करीब दो से तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान जेल के सभी वार्डों और बंदियों के सेलों की बारीकी से जांच की गई. हालांकि, तलाशी के दौरान कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ.
दरअसल, जेल की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने और कारा परिसर में प्रतिबंधित सामग्रियों के प्रवेश पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह औचक निरीक्षण किया गया. इस दौरान डीएम और एसपी ने जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और बंदियों के आवासीय स्थलों का जायजा लिया. अधिकारियों की टीम ने सभी सेलों की गहन तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया.
जिलाधिकारी ने बताया कि जेल की आंतरिक सुरक्षा, अनुशासन और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कारा की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित नियमों के अनुपालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस औचक निरीक्षण का उद्देश्य जेल प्रशासन को सतर्क और जवाबदेह बनाए रखना है.
मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट-
