कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के माथाडीह वार्ड नंबर 03 में 36 दिन के नवजात की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पप्पू कुमार के 36 दिन के पुत्र के रूप में हुई है। परिजनों ने आंगनबाड़ी में एएनएम रिंकी देवी पर गलत इंजेक्शन देने से मौत का आरोप लगाया है।मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को आंगनबाड़ी में बच्चों को टीका लगाया जा रहा था। इसी दौरान बच्चे की मां रूपा देवी को बच्चा लेकर बुलाया गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने मना किया था कि उनके बच्चे को टीका देने का समय नहीं हुआ है, लेकिन जबरदस्ती 4 टीके लगा दिए गए। इसके बाद देखते ही देखते बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और शुक्रवार अहले सुबह उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि 45 दिन में पड़ने वाला टीका 36 दिन में ही दे दिया गया, जिस कारण यह घटना हुई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव रखकर शहीद चौक पर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम हटाने की कोशिश कर रही है। बताया जाता है कि पप्पू कुमार को पहले से तीन पुत्रियां हैं और एक पुत्र पिछले महीने हुआ था, जिसका निधन हो गया। परिजन एएनएम को बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं।
