पटना : बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने और विमानन क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए सिविल विमानन विभाग ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम तेज कर दिया है. राज्य में नए हवाई अड्डों के निर्माण, मौजूदा एयरपोर्ट के विस्तार, अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं की शुरुआत, हेली-टूरिज्म और पायलट प्रशिक्षण को लेकर विभाग ने अपनी प्रमुख उपलब्धियां और प्रगति की जानकारी दी है.


सिविल विमानन विभाग का गठन 10 दिसंबर 2025 को स्वतंत्र विभाग के रूप में किया गया था. विभाग के सुचारू संचालन के लिए 99 नए पदों के सृजन और 176 पदों के हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई. इसके साथ ही बिहार राज्य विमानन संवर्ग भर्ती नियमावली, 2026 भी अधिसूचित की गई है.


पटना एयरपोर्ट पर बढ़ी यात्री और कार्गो क्षमता


पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 1216 करोड़ रुपये की लागत से बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने 29 मई 2025 को किया था. इसकी यात्री क्षमता पीक आवर में 3000 यात्रियों की है. यहां प्रति सप्ताह 550 उड़ानों का संचालन हो रहा है. नए एयर कार्गो टर्मिनल से सालाना माल ढुलाई क्षमता 7500 मीट्रिक टन से बढ़कर 22000 मीट्रिक टन हो गई है.


गया और दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार की भी तैयारी है। दरभंगा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए 89.75 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। पूर्णिया में 15 सितंबर 2025 से अंतरिम सिविल एन्क्लेव संचालित है, जहां अब तक तीन लाख से अधिक यात्री लाभान्वित हुए हैं।


कई जिलों में बनेंगे नए एयरपोर्ट


मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, बीरपुर और सहरसा में हवाई अड्डों के विकास की योजनाएं चल रही है. वहीं सोनपुर में 4228.61 एकड़ और अजगैबीनाथ धाम में 3145.23 एकड़ भूमि पर ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनाने की तैयारी है. राजगीर और रोहतास में भी नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए प्रक्रिया शुरू की गई है.


हेली-टूरिज्म और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर जोर


मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर-टूरिज्म सेवा योजना के तहत पटना में 18 जुलाई 2026 को हेलीकॉप्टर जॉय राइड शुरू की गई. इसके तहत 10 मिनट की यात्रा का शुरुआती किराया 2100 रुपये प्रति यात्री रखा गया है. गया से बैंकॉक के बीच 26 अक्टूबर 2026 को इंडिगो की पहली नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शुरू हुई.


इसके अलावा बिहार उड्डयन संस्थान में नए हैंगर का उद्घाटन किया गया और चार प्रशिक्षुओं को कमर्शियल पायलट लाइसेंस दिया गया. सहरसा में उड़ान प्रशिक्षण संगठन स्थापित करने के लिए भूमि आवंटित की गई है.


विभाग ने विमानन क्षेत्र के अगले दस वर्षों के विकास के लिए KPMG को परामर्शी संस्था नियुक्त किया है. साथ ही विमानन ईंधन पर VAT में भी बड़ी रियायत दी गई है. इन पहलों से बिहार में हवाई परिवहन, पर्यटन, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है.



पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-