पटना : बिहार और झारखंड में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. गया जी में राजद नेता भगत यादव से जुड़े ठिकानों पर EOU की टीम ने दबिश दी है. दोनों राज्यों में कुल आठ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है.
जानकारी के अनुसार, EOU की अलग-अलग टीमें बिहार और झारखंड में संबंधित ठिकानों पर पहुंचकर जांच और तलाशी अभियान चला रही है. अधिकारियों की टीम दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण सामानों की जांच कर रही है. छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की भी तैनाती की गई है.
वहीं, औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड स्थित शमशेरनगर में भी आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने छापेमारी की. यहां एक ठेकेदार के पैतृक आवास पर शुक्रवार सुबह करीब पौने नौ बजे EOU के अधिकारी पहुंचे. टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद था. घर के अंदर प्रवेश करने के बाद अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य सामानों की गहन तलाशी शुरू की.
कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए दो मजिस्ट्रेट भी मौके पर मौजूद रहे. छापेमारी के दौरान संबंधित ठिकानों पर लोगों की आवाजाही और गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है.
फिलहाल EOU की इस कार्रवाई के पीछे के कारणों, मामले की प्रकृति और छापेमारी में किसी तरह की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी मिलने की संभावना है. बिहार और झारखंड में एक साथ आठ ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से संबंधित लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. जांच और तलाशी अभियान जारी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
