झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए व्यस्त दौरे पर हैं। आज वे सबसे पहले अपने पैतृक गांव नेमरा और लूकैयाटांड़ में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिए और इसके बाद दोपहर में जमशेदपुर का रुख करेंगे। जमशेदपुर में मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पर जाकर शोक संवेदना प्रकट करेंगे।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से नेमरा के लिए रवाना हो चुके हैं। सबसे पहले वे लूकैयाटांड़ पहुंचेंगे, जहां शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा और कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस मौके पर वे शहीद सोबरन सोरेन को नमन करेंगे और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे।
लूकैयाटांड़ के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा पहुंचेंगे। नेमरा में कुछ देर रुकने के बाद,दोपहर के समय वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे।
जमशेदपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सीधे घोड़ाबांधा स्थित केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास जाएंगे। हाल ही में अर्जुन मुंडा की माताजी का निधन हुआ है। मुख्यमंत्री वहां पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर दुख की इस घड़ी में एक-दूसरे के साथ खड़े होने की यह तस्वीर झारखंड की स्वस्थ राजनीतिक परंपरा को दर्शाती है। फिलहाल, मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर रांची से लेकर नेमरा और जमशेदपुर तक प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
