भारतीय क्रिकेट टीम के युवा और चर्चित विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने पर तीर्थ पुरोहितों ने उनका पारंपरिक रूप से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ का विधिवत जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की।पूजा के दौरान ईशान किशन पूरी तरह भक्ति भाव में नजर आए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने उन्हें संकल्प दिलाया और विशेष पूजन संपन्न कराया। दर्शन-पूजन के पश्चात उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश और स्वयं की सुख-समृद्धि, बेहतर स्वास्थ्य तथा आगामी क्रिकेट मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद मांगा।

मंदिर परिसर में अपने पसंदीदा क्रिकेटर को देख वहां मौजूद श्रद्धालुओं और युवा प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई प्रशंसकों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दर्शन करने के बाद वे गंतव्य के लिए रवाना हो गए।