बेतिया : पश्चिम चंपारण जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान हुई मारपीट में घायल पिता की मौत हो गई. घटना सिसवा भूमिहार गांव की है. बुधवार सुबह उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले में मृतक के पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात घर में किसी पारिवारिक विवाद को लेकर पिता और पुत्र के बीच कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट हो गई. इस दौरान दिनेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दिनेश राय को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया. उपचार के बाद उन्हें वापस घर पहुंचा दिया गया था.
हालांकि, बुधवार की सुबह दिनेश राय की मौत हो गई. इसके बाद परिवार और गांव में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई.
इस मामले में पुलिस ने मृतक दिनेश राय के पुत्र को हिरासत में लिया है. वहीं, मृतक की पत्नी के घर से फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दिनेश राय की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
संजय कुमार की रिपोर्ट-
