ग्रामीणों ने जंगल में देखा हाथी का शव, वन विभाग को दी सूचना; प्रारंभिक जानकारी में काफी वृद्ध बताया जा रहा मृत हाथी
हजारीबाग:
झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड स्थित जोराकाठ वन क्षेत्र में एक हाथी मृत पाया गया है। हाथियों के झुंड के एक सदस्य की मौत की सूचना से इलाके में चर्चा का माहौल है। जंगल में हाथी का शव मिलने की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचने की तैयारी में जुट गई है।

काफी वृद्ध बताया जा रहा हाथी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत हाथी काफी वृद्ध बताया जा रहा है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पोस्टमार्टम के बाद खुलेगा मौत का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की टीम भी मौके पर पहुंचेगी। टीम हाथी के शव का परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। अब सभी की निगाहें डॉक्टरों की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।

हजारीबाग से पप्पू ठाकुर की रिपोर्ट