मोकामा के लदमा गांव में होगी भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता, गुजरात के कच्छ से मंगाया गया सिंधी नस्ल का घोड़ा; 40 KM प्रति घंटे की रफ्तार से पकड़ता है चौताला चाल

रांची: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों बिहार की सियासत से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा में है। शादी के भव्य आयोजन के बीच उनके पैतृक गांव लदमा में होने वाली घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी खास आकर्षण बनने जा रही है। इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े अपनी रफ्तार और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि इस मुकाबले में झारखंड की ओर से भी एक घोड़ा अपनी चुनौती पेश करेगा, जिसका नाम है 'रांची एक्सप्रेस'।

गुजरात के कच्छ से रांची पहुंचा 'रांची एक्सप्रेस'

'रांची एक्सप्रेस' नाम का यह घोड़ा करीब 20 दिन पहले ही रांची लाया गया है। सिंधी नस्ल के इस घोड़े को गुजरात के कच्छ से मंगाया गया था। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी चौताला चाल है, जिसमें यह करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है।

प्रतियोगिता भी इसी निर्धारित चाल में आयोजित की जाएगी। इसके लिए विशेष नियम बनाए गए हैं। नियम के मुताबिक, दौड़ के दौरान तीन बार से अधिक चाल बदलने वाले घोड़े को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया जाएगा।

शेखावत अली संभालेंगे घोड़े की कमान

'रांची एक्सप्रेस' की कमान संभालने वाले सवार शेखावत अली के मुताबिक, उन्हें भी इस प्रतियोगिता में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। इसके बाद से ही घोड़े को मुकाबले के लिए तैयार किया जा रहा है।

शेखावत अली का कहना है कि प्रतियोगिता में कई बेहतरीन घोड़े हिस्सा लेंगे, लेकिन चौताला चाल में सिंधी नस्ल के घोड़ों की पकड़ मजबूत मानी जाती है। ऐसे में उन्हें 'रांची एक्सप्रेस' से काफी उम्मीदें हैं। घोड़े को लगातार अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता के दौरान वह अपनी पूरी क्षमता दिखा सके।

विजेता को मिलेगी थार, दूसरे को बाइक और तीसरे को स्कूटी

इस घुड़दौड़ प्रतियोगिता में पुरस्कार भी आकर्षण का बड़ा केंद्र हैं। प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने वाले घोड़े के मालिक को थार कार दी जाएगी। वहीं, दूसरे स्थान पर आने वाले को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी पुरस्कार के रूप में मिलेगी।

भव्य शादी समारोह के बीच आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर घुड़सवारी के शौकीनों में खास उत्साह है। अब सबकी निगाहें 'रांची एक्सप्रेस' पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि झारखंड का यह घोड़ा बिहार की धरती पर अपनी रफ्तार और चौताला चाल के दम पर कितना कमाल दिखा पाता है।

रांची से नैयर की रिपोर्ट