बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास हुआ हादसा, आग की लपटें उठते ही मची अफरा-तफरी; बच्चों के स्कूल बैग भी जलकर राख
जमशेदपुर:
शहर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऑटो से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान पुल गोलचक्कर के पास अचानक ऑटो में आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे ऑटो में बैठे बच्चों के बीच डर और घबराहट का माहौल बन गया।

समय रहते बाहर निकाले गए सभी बच्चे

गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले ही सभी बच्चों को सुरक्षित ऑटो से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, ऑटो में रखे बच्चों के स्कूल बैग आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह जलकर राख हो गए।

ऑटो जलकर हुआ राख

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ऑटो आग की चपेट में आ गया। वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। समय रहते बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल ऑटो में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जमशेदपुर से विनोद केशरी की रिपोर्ट