अकवान तूफान के प्रभाव से मौसम में बदलाव की संभावना, 20 और 21 नवंबर को कई इलाकों में हो सकती है झमाझम बारिश; तैयार धान की फसल को नुकसान का खतरा
रांची:
झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान और कृषि एडवाइजरी के अनुसार, अकवान तूफान के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसका सबसे अधिक असर खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल पर पड़ सकता है। इसे देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सतर्क रहने और जल्द से जल्द धान की कटाई कर फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।

20 और 21 नवंबर को हो सकती है भारी बारिश

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर से झारखंड के आसमान में बादल छाने की संभावना है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को राज्य के विभिन्न इलाकों में झमाझम बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल के अलावा कटाई के बाद खेतों में रखी फसल भी बारिश से प्रभावित हो सकती है।

किसानों को कृषि वैज्ञानिकों की सलाह

कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि वे 19 नवंबर से पहले तैयार धान की फसल की कटाई कर लें। कटी हुई फसल को खुले खेतों में छोड़ने के बजाय सुरक्षित और सूखे स्थानों पर रखें। इसके साथ ही किसानों को फसल के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था पहले से करने की सलाह दी गई है, ताकि बारिश के कारण धान की गुणवत्ता और उत्पादन को नुकसान न पहुंचे।

धान की फसल को नुकसान की आशंका

झारखंड के कई इलाकों में इस समय धान की फसल पककर तैयार है। ऐसे में बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है और कटाई के बाद खुले में रखे धान के भीगने का खतरा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार खेती से जुड़े जरूरी फैसले लेने की सलाह दी गई है।

रांची से राजीव मोहन की रिपोर्ट