टंडवा के CHP JH-1 लोकेशन पर हुआ हादसा, घायलों का संजीवनी हॉस्पिटल में चल रहा इलाज; प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों का हंगामा, मुख्य द्वार जाम करने की तैयारी
चतरा:
झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC परियोजना में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट के कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए संजीवनी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा NTPC परियोजना के CHP JH-1 लोकेशन पर हुआ। यहां कन्वेयर बेल्ट निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान स्ट्रक्चर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण हादसा होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

थायसन कंपनी को मिला था काम का ठेका

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, NTPC की ओर से कन्वेयर बेल्ट निर्माण का ठेका थायसन कंपनी को दिया गया था। इसके बाद पेटी ठेकेदार सिंपलेक्स कंपनी के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में स्ट्रक्चर डिजाइन में खामी को हादसे की संभावित वजह बताया जा रहा है। इसकी तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

मृतकों में झारखंड और बिहार के मजदूर शामिल

इस हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों में एक टंडवा, एक हजारीबाग और एक बिहार का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

प्रबंधन के खिलाफ मजदूरों में आक्रोश

हादसे के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग NTPC प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, आक्रोशित लोगों की ओर से NTPC के मुख्य द्वार को जाम करने की भी तैयारी की जा रही है।

फिलहाल इस हादसे ने निर्माण कार्य में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें हादसे की जांच, जिम्मेदारी तय करने और मृतक मजदूरों के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे पर टिकी हैं।

चतरा से संजय कुमार की रिपोर्ट