JDU MLC के आरोप पर उमेश कुशवाहा का पलटवार, कहा : किसकी गोद में खेल रहे हैं...सब है पता
NEWS DESK : नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के अंदर घमासान मचा हुआ है। JDU MLC रामेश्वर महतो के एक बयान ने नीतीश कुमार की पार्टी में हलचल मचा दी है। हालांकि, रामेश्वर महतो के बयान पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने चुप्पी तोड़ी है और जोरदार पलटवार किया है। उमेश कुशवाहा का पलटवारपटना में मीडिया से मुखातिब होते हुए जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा को हमारे नेता नीतीश कुमार ने पहचान दिलायी है। उनको कौन पहचानता था? वहीं, विधान पार्षद रामेश्वर महतो के आरोप पर उमेश कुशवाहा ने दो टूक अंदाज में कहा कि वे धूर्त और स्वार्थहीन लोग हैं। पहले से ही किसकी गोद में खेल रहे हैं, ये सभी को पता है। 'सिर्फ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं रामेश्वर महतो'जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि जेडीयू विधान पार्षद रामेश्वर महतो लगातार पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं, पार्टी सभी मामलों को देखेगी। हालांकि रामेश्वर महतो पर कार्रवाई की बात को उमेश कुशवाहा टाल गये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी के उचित फोरम पर अपनी बात रखने की बजाए वे सिर्फ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। वहं, उपेन्द्र कुशवाहा के बयान पर पलटवार करते हुए जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि अभी तो वे हसीन सपना देख रहे हैं। वक्त आएगा तो पता चल जाएगा। उनकी नीति को जनता समझ चुकी है और सभी लोग जान गये हैं। उनका 'खेला' बंद हो गया है।
