पटना के श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 82 एटीएम और डेबिट कार्ड, एक चारपहिया वाहन और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के सुधाकर कुमार उर्फ प्रियांश कुमार, प्रशांत कुमार और राकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर कार्ड का पिन चुपके से देखकर बैंक खातों से रुपये निकालते थे। पुलिस जांच में आरोपियों का आपराधिक इतिहास बिहार के पटना और अन्य जिलों के साथ-साथ झारखंड के रांची और जमशेदपुर से भी जुड़ा पाया गया है। इस मामले में श्रीकृष्णापुरी थाना और साइबर थाना पटना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इससे जुड़े दूसरे मामलों की जांच में जुटी है।
पटना से विवेक राय की रिपोर्ट
