News Desk :बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर दिए गये बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने घेरना शुरू कर दिया है। बीजेपी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह के बाद अब पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने नीतीश कुमार पर तीखा बयान दिया है।


शाहनवाज हुसैन का नीतीश सरकार पर निशाना

बिहार के पूर्व उद्योग मंत्री और बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि महागठबंधन की सरकार को पीएम मोदी से सीख लेनी चाहिए। महागठबंधन की नीतीश सरकार सिर्फ और सिर्फ चुनाव को ध्यान में ही रखकर काम करती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान से स्पष्ट होता है कि वे सिर्फ उद्घाटन और शिलान्यास के लिए ही काम करते हैं।


"काम पर ध्यान दे सरकार"

शाहनवाज हुसैन ने ये भी कहा कि पिछली बार यानी साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी जनता ने मोदी सरकार के कामकाज के आधार पर वोट दिया था, जिसके बाद बीजेपी की बंपर जीत हुई थी लिहाजा नीतीश सरकार को चुनाव के बदले बिहार के विकास पर फोकस करना चाहिए।

नीतीश ने कही थी ये बात

गौरतलब है कि बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग की मीटिंग के दौरान नीतीश कुमार ने कहा था कि आगामी लोकसभा चुनाव साल 2024 में न होकर 2023 में ही हो सकता है लिहाजा उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द सभी कामों को निपटाने का निर्देश दिया।