

बुधवार, 07 अक्टूबर 2026
Liveकोडरमा : जिले के झुमरी तिलैया बाईपास में पिछले कुछ दिनों से हर रात एनएच से गुजरने वाले बस, ट्रक और अन्य वाहनों के साथ अजीबोगरीब घटनाएं घट रही है. मोटरसाइकिल सवार अज्ञात युवक तिलैया बाईपास से गुजरने वाले वाहनों पर पत्थर चला कर गायब हो जा रहे हैं जिससे वाहनों का शीशा क्षतिग्रस्त हो रहा है.आपको बता दें कि मंगलवार की रात भी इसी तरह की एक घटना सामने आई है. जब दो अज्ञात युवकों ने बाईपास से गुजरती हुई बस पर पत्थर मार दिया, जिससे बस का शीशा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और बस भी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल बाल बची. आपको बता दें कि कोडरमा में पिछले 15 दिनों से लगातार इस तरह की घटनाएं घट रही है. तिलैया बाईपास में कभी आर्यन हॉस्पिटल के पास, तो कभी सुभाष चौक तो कभी इंदरवा चौक के समीप वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है. अब तक जितनी भी बसों को निशाना बनाया गया, वो सभी लम्बी दूरी की बसें थी. बिहार से रांची, जमशेदपुर, धनबाद आदि इलाकों के लिए जाने वाली बसों को निशाना बनाया जा रहा है. बस ड्राइवर ने बताया कि दो युवक मोटरसाइकिल से आते हुए दिखाई दिए और चलती बस पर पत्थर फेंक कर गायब हो गए. बस चालकों के मुताबिक इस तरह की घटना से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है और कई लोगों की जान भी जा सकती है.
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के लिए 20 मई को वोट डाले जाएंगे. 20 मई को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन जोर-जोर से तैयारी में जुटा है. आज इसी के मद्देनजर मतदाता जागरूकता अभियान के तहत वाक्थौन और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. झुमरी तिलैया शहर के महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुई रैली झंडा चौक होते हुए कोडरमा स्टेशन के समीप पहुंचा, जहां सभी लोग इकट्ठा हुए और नैतिक मतदान की शपथ ली. स्वीप कोषांग के तहत आयोजित मतदाता जागरूकता अभियान में शामिल सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के बच्चों ने शहर का भ्रमण करते हुए लोगों से 20 मई को मतदान करने की अपील की. हाथों में बैनर पोस्टर लेकर बच्चों ने लोगों को जागरूक किया. इसके अलावे झुमरी तिलैया शहर के भ्रमण के दौरान जो भी लोग सड़क किनारे मिले, उन्हें भी 20 मई को वोट डालने के लिए आमंत्रण कार्ड दिया गया. स्कूली बच्चों ने कहा कि भले ही उनकी उम्र वोट डालने की नहीं है, लेकिन वह अपने माता-पिता के अलावे मोहल्ले में रहने वाले लोगों को 20 मई को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे. वहीं मतदान को लेकर फर्स्ट टाइम वोटरों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. रैली में बड़ी संख्या में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता शामिल हुए और लोगों से 20 मई को वोट डालने का आह्वान किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद डीडीसी ऋतुराज ने कहा कि मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है और इसके लिए स्कूली बच्चों, यूथ आइकॉन के साथ-साथ समाज के हर तबके के लोगों की मदद ली जा रही है. उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस रैली में शामिल हुए हैं, सभी लोगों ने अपने साथ पांच-पांच लोगों को मतदान केंद्रों तक लेकर आने का भरोसा दिलाया है.
कोडरमा : मदर्स डे है और उन तमाम माताओ का दिन है, जो अपने बच्चों के बेहतर परवरिश के लिए सबकुछ न्योछावर कर देती है। आज हम आपको कोडरमा उपायुक्त मेघा भारद्वाज के रूप में माँ की एक ऐसी कहानी बताएंगे, जो अपनी 16 महीने की बेटी के परवरिश के साथ_साथ कोडरमा को विकास के पथ पर आगे ले जाने में लगातार जुटी है।जब भी कभी ठोकर लगे, तो हमें तुरंत याद आती है मां..लब्जों में जिसे बयां नहीं किया जा सके ऐसी होती है मां, भगवान भी जिसकी ममता के आगे झुक जाते हैं, उसे कहते है मां. शब्द भले ही छोटा लगे ,लेकिन उसमे संसार बसा है. आज मदर्स डे है, जिन मां ने आज घर पर रहकर पुरे दिन बच्चें की परवरिश में बिताया, तो कुछ माँ ने अपनी जिम्मेदारियों के साथ बच्चे की परवरिश की, उन सभी माँ को सलाम हैं. 2016 बैच की आईएएस मेघा भारद्वाज कोडरमा के 24 वें उपायुक्त के रूप जिले को विकास के पथ पर आगे ले जाने के साथ-साथ अपनी 16 महीने की बच्ची सिया की बखुबी परवरिश कर रही है. मेघा भारद्वाज के पति आईएएस लोकेश मिश्र वर्तमान में खुंटी के डीसी हैं. मेघा भारद्वाज हजारीबाग एसडीओ, पलामु डीडीसी और संयुक्त सचिव के पद पर रहने के बाद आज कोडरमा जिले की बागडोर संभाल रही हैं. उन्होंने देश की तमाम मांताओं को मदर्स डे की शुभाकामनाएं देते हुए बताया कि बेटी के जन्म के बाद उन्हें माँ और माँ के ममता को करीब से समझने का अवसर मिला. बेटी को खिलाना, उसे लोरी गाकर सुलाना, उसके साथ खेलना दिनभर की सारी थकान को मिटा देता है. डीसी मेघा भारद्वाज ने बताया कि पिछले 6 महीने से जब भी वे अपने सरकारी आवास से बाहर रहती है, अपनी सिया से मिलने का उन्हें इंतेजार रहता है. बेटी से मिलने की चाहत में उन्हें कम समय में ज्यादा से ज्यादा काम निबटाने की एक ऊर्जा मिलती है, जो एक साकारात्मक पहलु है. उन्होंने बताया कि फिलहाल चुनावी माहौल में कामकाज ज्यादा है, ऐसे में समय नहीं मिलने की स्थिति में वे अपनी बेटी सिया को अपने कार्यालय में ही बुलवा लेती है और यहीं उसके साथ थोड़ा समय बिताकर फिर से अपने कामों में जुट जाती हैं. डीसी मेघा भारद्वाज की गैर मौजूदगी में उनके साथ उनके आवास में रहने वाली मुन्नी सिया की देखभाल करती है. घर से निकलते वक्त पुरे विश्वास के साथ वे मुन्नी के भरोसे अपनी सिया को सौंपकर निकलती है, जो दिनभर उसका पूरे अच्छे से ख्याल भी रखती है. मुन्नी ने बताया कि मैडम को समय तो कम मिलता है, लेकिन जितना समय भी वे अपने कामकाज से निकाल पाती है, पूरा समय अपने बच्चों के साथ बिताती हैं. मां की ममता और माँ का अपने बच्चों के प्रति समर्पण को शब्दों में तो बयां नहीं किया जा सकता, लेकिन जिस तरह से पूरे जिले की बागडोर संभालते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज अपनी बेटी सिया की देखभाल करती है। वह भी मां का एक अलग स्वरूप और समर्पण ही नजर आता है.
कोडरमा : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार गुरुवार को कोडरमा का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने डोमचांच और कोडरमा प्रखंड के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. साथ ही मतदान केंद्रों पर चुनाव के दौरान बहाल की जाने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया. मतदान केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसडीओ रिया सिंह के अलावे जिले के आला अधिकारी भी मौजूद रहे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार आज जिन-जिन मतदान केंद्रों पर पहुंचे वहां उन्होंने बीएलओ के साथ बैठक की और स्थानीय मतदाताओं से भी रूबरू हुए. उन्होंने इस दौरान मौजूद मतदाताओं से नैतिक मतदान की अपील करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदार बनाने की अपील भी की. बीएलओ और चुनाव कर्मियों को उन्होंने मतदान के दिन अपनाए जाने वाले निर्देशों के बारे में जानकारी दी. मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों औऱ पोलिंग एजेंट के बैठने की जगह और ईवीएम रखे जाने की गाइडलाइंस के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी. इसके अलावे मतदान का प्रतिशत बढ़ाये जाने को लेकर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के बारे में स्कूली बच्चों से बातचीत की. उन्होंने कहा कि गर्मी के मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं बहाल की जा रही है और लोग मतदान केंद्र तक निर्भीक होकर पहुंचे. इसको लेकर भी व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.
कोडरमा:खराब मौसम के कारण कोडरमा के नावाडीह बाजार में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की होने वाली सभा रद्द हो गई. बाबूलाल मरांडी बोकारो से हेलीकॉप्टर से कोडरमा पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण बोकारो से उनका हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाया और कार्यक्रम रद्द करने की घोषणा की गई. हालांकि इस दौरान खराब मौसम के बीच भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी और विधायक डॉक्टर मीरा यादव के अलावा भाजपा नेता और कार्यकर्ता सभा स्थल पर जुटे रहे. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने खराब मौसम के बावजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 20 मई को होने वाले मतदान में लोगों से वोट करने की अपील की. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाया और कहा कि पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में समाज के हर तबके के लोगों के लिए मोदी सरकार ने योजनाएं चलाई और जरूरतमंदों तक उसे पहुंचाया भी है. कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि उन्हें लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है और हर सभा में लोग उनके पक्ष में अपना समर्थन जताते हुए नजर आ रहे हैं और फिर तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे. वही विधायक डॉक्टर नीरा यादव ने राज्य के मंत्री के ओएसडी और उनके सहयोगियों के घर से मिले करोड़ों रुपए नगदी के संबंध में प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि कोडरमा में जहां पत्थर, माइका और ढिबरा का ढेर है, वहीं राज्य सरकार के मंत्री और उनके सहयोगियों के घर से नोटों का ढेर बरामद हो रहा है. गरीबों के लिए योजना बनाने के बजाय सरकार में शामिल नेता और मंत्री अपने घरों में नोटों का ढेर लगाकर बैठे हैं.
कोडरमा : भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी कोडरमा लोकसभा सीट से आज अपना नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगी. नामांकन दाखिल करने के लिए अन्नपूर्णा देवी अपने कोडरमा के चाराडीह स्थित आवास से गिरिडीह के लिए रवाना हो चुकी हैं. नामांकन के लिए गिरिडीह रवाना होने से पहले अन्नपूर्णा देवी ने अपने पति और पूर्व मंत्री स्वर्गीय रमेश प्रसाद यादव की स्मृति स्थल पर उन्हें नमन किया. उसके बाद झुमरी तालाब स्थित राधा कृष्ण मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा. इस दौरान उन्होंने कई बड़े बुजुर्गों का भी आशीर्वाद लिया. नामांकन कार्यक्रम को लेकर उनके चाराडीह स्थित आवास पर सुबह से ही गहमा गहमी देखी जा रही थी. ढोल नगाड़े और गाजे बाजे के साथ उनके समर्थक उनके आवास पर पहुंचे हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए नजर आए. बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है. नामांकन से पूर्व गिरिडीह के सर्कस मैदान में एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलावे प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि आज सर्कस मैदान में एक बड़ी जनसभा के माध्यम से लोगों का आशीर्वाद उन्हें मिलेगा. उन्होंने कहा है कि पिछले कई सालों से उन्हें पहले तो कोडरमा विधानसभा और अब कोडरमा लोकसभा के लोगों की सेवा करने का अवसर मिल रहा है और इस बार भी लोग उन्हें भर भर कर आशीर्वाद देंगे, यही उन्हें उम्मीद है.
कोडरमा : बड़ी खबर कोडरमा से है जहां झुमरी तिलैया स्थित बाजार समिति में मंगलवार को दोपहर में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इस आगलगी की घटना में करीब आधा दर्जन फल दुकानों को नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच कर आग पर काबू पाया. बाजार समिति के फल दुकानों के ऊपर रखे प्लास्टिक के कैरेट बिजली के तार के संपर्क में आ गए जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई. बाजार समिति में फलों का कचरा भी सूखा हुआ पड़ा था, जिससे देखते ही देखते आग फैल गई और कुछ ही देर में आग भयावह रूप धारण कर लिया. हालांकि गनीमत यह रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया, नहीं तो बड़ी घटना घट सकती थी. इस अगलगी की घटना में करीब 6 दुकानों को भारी नुकसान हुआ है. बताते चलें कि बाजार समिति परिसर के अंदर अस्थाई फलों का दुकान बनाया गया है, जबकि बाहरी परिसर में कई स्थाई दुकानें भी संचालित होती है. इसके अलावा बाजार समिति परिसर में ही फल व्यवसाईयों के द्वारा कचरा फेंका जाता है, जो भीषण गर्मी के कारण पूरी तरह से सूख चुका था और जैसे ही दुकानों के छत के ऊपर रखे प्लास्टिक के कैरेट बिजली के तार के संपर्क में आए तो तेज हवाओं के कारण कैरेट में आग लग गई और यह आग धीरे-धीरे कचरों तक जा पहुंचा और बाजार समिति का पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया. बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद ने बताया कि फल व्यवसाईयों की लापरवाही के कारण यह आग लगी है. अगर फल व्यवसाई व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं करेंगे, तो उनकी दुकान भी रद्द की जाएगी. वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक समय से पहुंची दमकल की टीम ने आग से ज्यादा नुकसान होने से बचा लिया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
कोडरमा: जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पुरनाडीह में बंद पड़े पत्थर खदान से एक युवती का शव बरामद किया गया है. फिलहाल शव को पत्थर खदान में भरे पानी से बाहर निकाल लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. जानकारी के मुताबिक मृतक युवती पिछले 5 दिनों से लापता थी और इस बाबत परिजनों की ओर से नवलशाही थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी. हालांकि युवती की मौत कैसे हुई और वह इस बंद पड़े पत्थर खदान तक कैसे पहुंची इसकी जांच की जा रही है. संदिग्ध परिस्थिति में मिले शव की पहचान पुरनाडीह निवासी 21 वर्षीय प्रीति कुमारी के रूप में की गई है, जो ग्रेजुएशन सेमेस्टर 2 की छात्रा थी. मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी पिछले 5 दिनों से लापता थी. इसकी खोजबीन की जा रही थी. इसी दौरान उसे उसके शव बरामद होने की सूचना मिली. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.
कोडरमा: झुमरी तिलैया स्थित पिपराडीह में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने गए बिजली विभाग के कर्मियों को स्थानीय लोगों ने बंधक बना लिया है. दरअसल होली के कुछ दिन पहले पिपराडीह में वाहन के द्वारा बिजली के कुछ पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जिसकी मरम्मती के लिए बिजली विभाग की टीम पिपराडीह पहुंची थी. तार और पोल दुरुस्त करने के बाद जब लाइन चालू किया गया तो अचानक घरों में 440 वोल्ट का करंट दौड़ गया. इसके कारण दर्जनों घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और मीटर पूरी तरह से जलकर खाक हो गया. इधर बिजली विभाग की लापरवाही से स्थानीय ग्रामीण नाराज हो गए और उग्र होकर मुआवजे की मांग करने लगे और जब बात नहीं बनी तो ग्रामीणों ने तार और विद्युत उपकरण से जुड़े वाहन को जाने से रोक दिया. फिलहाल ग्रामीणों के द्वारा बिजली विभाग के वाहन को रोककर रखा गया है और ग्रामीण विभाग के आला अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े हैं. आपको बता दें कि हाई वोल्ट का करंट दौड़ने के कारण कई घरों में अगलगी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी.
कोडरमा:- आज होलिका दहन है और आज कोडरमा में पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर होलिका दहन मनाई जाएगी। लकड़ी के कम से कम इस्तेमाल के साथ लकड़ी स्वरूप गाय के गोबर से तैयार गौ कास्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाएगा।पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर कोडरमा गौशाला समिति एक अनोखी पहल कर रही है। गौ काष्ठ का निर्माण किया जा रहा है, जो देखने में पूरी तरह से लकड़ी जैसा लगता है जलावन में इसका इस्तेमाल भी बड़े पैमाने पर किया जा रहा है और होलिका दहन के मद्देनजर कोडरमा गौशाला ने बड़े पैमाने पर गौ कास्ट का उत्पादन किया है।गौशाला समिति में गौ कास्ट के निर्माण के लिए एक मशीन भी लगाई गई है। जिसमें 80 प्रतिशत गोबर और 20 प्रतिशत लकड़ी या कोयले के चूर्ण का इस्तेमाल किया जाता है। दोनों के मिश्रण से इस मशीन में तकरीबन 6 इंच गोलाकार और चार फीट लंबी लकड़ी के शक्ल में गौ कास्ट तैयार होती है। इसमें गौशाला समिति के 8 से 10 लोग जुड़े हुए हैं। गौ कास्ट की कीमत भी महज 10 रुपये प्रति किलो निर्धारित की गई है, जो लकड़ी की अपेक्षा में काफी कम है।अब तक परंपरागत जलावन के रूप में होटल, रेस्टोरेंट, घर और तमाम जगहों पर लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन लकड़ी के स्वरूप में बने इस गौ कास्ट से लकड़ी से निर्भरता भी लोगों की कम होगी। इसे देखते हुए वन विभाग भी कोडरमा गौशाला की इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है, कि ज्यादा से ज्यादा उत्पादन के साथ लोग इसका इस्तेमाल भी करेंगे।गौ कास्ट के इस्तेमाल से धुएं का उत्सर्जन भी लकड़ी की अपेक्षा कम होता है और इसके इस्तेमाल से जंगलों की कटाई भी कम होगी। पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से कोडरमा गौशाला में तैयार गौ कास्ट का इस्तेमाल तो बेहतर भी है और पूजा पाठ हवन में भी इसकी शुद्धता की कोई बानगी नहीं होगी।
कोडरमा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को अहमदाबाद से कोडरमा के लोगों को दो बड़ी सौगात दी है. एक तरफ रांची वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का कोडरमा में ठहराव आज से शुरू हो गया है. वहीं वन स्टेशन वन प्रोडक्ट काउंटर का भी पीएम मोदी ने ऑनलाइन अनावरण किया. इस अवसर पर कोडरमा स्टेशन पर भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जहां केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, डीआरएम कमल किशोर सिन्हा समेत धनबाद रेल मंडल के वरीय अधिकारी मौजूद थे. कोडरमा स्टेशन पर बड़ी एलसीडी स्क्रीन पर अहमदाबाद से पीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जहां लोगों ने उनका संबोधन सुना. कार्यक्रम के शुरुआत में डीआरएम कमल किशोर सिन्हा ने मंत्री अन्नपूर्णा देवी और विधायक अमित कुमार यादव का स्वागत किया. इसके अलावा पीएम मोदी के ऑनलाइन कार्यक्रम के बाद मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा स्टेशन पर लगे शिलापट का भी अनावरण किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक पल का गवाह बने. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में लगातार यात्री सुविधाओं के मद्देनजर कार्य किया जा रहा है और ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है, साथ ही रेल यातायात को सुगम बनाने का सतत प्रयास जारी है. उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से आज पीएम मोदी ने कोडरमा के लोगों को वंदे भारत के साथ वन स्टेशन वन प्रोडक्ट की सौगात दी है. इसके अलावा लोगों की डिमांड के अनुसार रांची गिरिडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार आसनसोल तक करते हुए उसके समय सारणी में भी बदलाव लाया गया है.
कोडरमा : शिवरात्रि के मौके पर कोडरमा के ध्वजाधारी आश्रम में भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. शुक्रवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा के लिए पहुंचे हैं. यहां दो दिवसीय शिवरात्रि मेले का आयोजन किया गया है और इस मेले में बिहार, झारखंड और बंगाल से बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे हैं और 777 सीढियां चढ़कर ध्वजाधारी पहाड़ की चोटी पर बसे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना कर रहे हैं. ऐसी मान्यता है कि ध्वजाधारी आश्रम आने वाले शिवभक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है. द्वापर युग में ब्रम्हा के पुत्र क़द्रम ऋषि ने इस पहाड़ पर भगवान शिव की आराधना की थी. इसके बाद भगवान शिव ने उनकी आराधना से प्रसन्न होकर उन्हें ध्वजा और त्रिशूल भेंट की थी. तब से इस स्थान का नाम ध्वजाधारी आश्रम पड़ गया. ध्वजाधारी आश्रम में आने वाले शिव भक्त जलाभिषेक के बाद भगवान भोले को ध्वजा और त्रिशूल भी चढ़ाते हैं और जो भी भक्त यहाँ अपनी मनोकामना लेकर सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करते हैं उनकी हर मनोकामना पूरी होती है. कोडरमा के ध्वजाधारी आश्रम में लगने वाले शिवरात्रि मेले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. यहाँ बड़ी संख्या में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही पूरे मेला परिसर को सीसीटीवी कैमरे के निगरानी में रखा गया है. यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पीने की पानी, मेडिकल सुविधा व लंगर की व्यवस्था भी की गई है. इधर ध्वजाधारी आश्रम में शिवरात्रि मेले को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है. यहाँ बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले व खिलौने की दुकानों से पूजन सामग्री और लजीज व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं और पूरा मेला परिसर भगवान भोले के भक्ति गीतों से गूंज रहा है. इस शिवरात्रि मेले में एसडीओ रिया सिंह खुद सुरक्षा की जिम्मेवारी में उठा रही है और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी हुई हैं. ध्वजाधारी आश्रम के महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने बताया कि 2024 की यह शिवरात्रि काफी खास है. वहीं श्रद्धालुओं ने बताया कि यहाँ आकर मन की मुराद पूरी हो गई है.
कोडरमा: बड़ी खबर कोडरमा से जहां ट्रेन की चपेट में आने से महिला और एक पुरूष की मौत हो गई. घटना के बाद रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान दो अलग अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है. महिला का शव कोडरमा स्टेशन से 200 मीटर की दूरी पर पाया गया है जबकि पुरुष का शव झारखंड टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के पास बरामद हुआ है. महिला और पुरुष दोनों का शव कोलकाता आगरा कैंट एक्सप्रेस के कोडरमा से गुजरने के बाद बरामद किया गया. फिलहाल रेलवे पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. कोडरमा रेलवे पुलिस दोनों मृतक की पहचान में जुटी है और शवों की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से जानकारी जुटाई जा रही है.
कोडरमा:- आज महिला दिवस है और आज चर्चा उन महिलाओं की हो रही है, जिसने न सिर्फ खुद को अपने दम पर आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि दूसरों को भी आत्मनिर्भरता का पाठ पढ़ा रही है। ऐसी ही एक महिला है कोडरमा की अंजू देवी। पति से अलग होने के बाद महावीरी झंडा और पताके बनाकर अंजू न सिर्फ आर्थिक आमदनी कर रही है बल्कि दूसरी महिलाओं को भी स्वरोजगार की सीख दे रही है।अगर हाथों में हुनर हो और मन में कुछ कर गुजरने की तमन्ना तो कोई भी राह मुश्किल नहीं होती। सिलाई मशीन पर अलग-अलग तरह के झंडे और पताके की सिलाई करती, ये है कोडरमा के झुमरी तिलैया की रहने वाली अंजू देवी। अंजू पिछले 15 सालों से महावीरी झंडा और पताके तैयार करने के साथ-साथ देवी देवताओं के वस्त्रो के अलावे जैन और मुस्लिम समुदाय से जुड़े धार्मिक कपड़ो का निर्माण करती है। अंजू यह काम अकेले नहीं करती बल्कि अपने साथ आसपास की 8 महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा रही है।बता दे कि आज से तकरीबन 18 साल पहले जब अंजू ने बेटी को जन्म दिया था तो उसका पति उससे नाराज होकर उसे बेसहारा छोड़कर चला गया। अपने और अपने नवजात बच्ची का पालन-पोषण करने के लिए अंजू ने कपड़े सिलाई का काम शुरू किया और शुरुआती दिनों में वह किसी और के लिए महिलाओं का वस्त्र तैयार करती थी, लेकिन आगे चलकर अंजू ने खुद का व्यवसाय शुरू किया और अपने बचत किए पैसे से महावीरी झंडे और पताके बनाने शुरू कर दिए। अंजू बताती है कि अयोध्या में हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के वक्त अचानक से अंजू के इस कारोबार में उछाल आया और चार गुना झंडो की बिक्री बढ़ गई।अंजू अपनी बेटी अन्नू को पढ़ा लिखा कर एक बड़ा अफसर बनना चाहती है। अन्नू भी अपने माँ की हौसले और जज्बे को सलाम करती है। अन्नू बताती है कि बचपन से उसने अपनी मां को इस सिलाई मशीन के साथ देखा और इसी सिलाई मशीन के सहारे उसकी परवरिश भी हो रही है। उसने बताया कि जो भी जरूरतमंद महिला उसकी मां के पास आती है, उसे अपने साथ रोजगार भी देती है।पति से अलग होने के बाद अंजू को आसपास के लोगों का सहारा मिला और जब अंजू के हौसले को पंख मिल गई तो उसने आसपास की महिलाओं और युवतियों को हुनरमंद बनाना शुरू किया। अंजू के काम में हाथ बटाने वाली एक महिला ने बताया कि जो कभी खुद बेसहारा थी, आज वह कई महिलाओं का सहारा बन गई है।लड़की के जन्म होने के बाद जो शख्स अंजू को बेसहारा छोड़कर चला गया, आज वही अंजू महिलाओं के लिए एक मिसाल बन गई है ।
कोडरमा:शिवरात्रि को लेकर कोडरमा में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. कोडरमा स्थित ध्वजाधारी धाम में दो दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार भी बड़ी संख्या में शिव भक्तों के पहुंचने की संभावना है.हर साल की तरह इस साल भी कोडरमा में धूमधाम से शिवरात्रि मनाया जाएगा. ध्वजाधारी धाम में शिव भक्तों के आगमन को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है. द्वापर युग में इसी ध्वजाधारी पहाड़ पर कद्रम ऋषि के तपस्या से भगवान शिव प्रसन्न होकर उन्हें ध्वजा और त्रिशूल दिया था. इसके बाद से यहां आने वाले शिव भक्त भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद त्रिशूल और ध्वजा रोहित करते हैं. केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी शुक्रवार को शिवरात्रि मेला का उद्घाटन करेंगी. यहां आने वाले शिव भक्त 777 चढ़कर ध्वजाधारी पहाड़ पर बसे भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. कुछ लोग यहां मन्नत पूर्ण होने के बाद पहुंचते हैं तो कुछ लोग अपने मन्नतों की फरियाद लेकर शिव के दरबार में आते हैं. 2 दिनों तक चलने वाले इस शिवरात्रि मेले को कई तरह के झूले लगाए गए हैं और पूजन सामग्री के अलावा खिलौने और खाने-पीने की अस्थाई दुकान लगाने की तैयारी की जा रही है. यह आने वाले शिव भक्तों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसका भी यहां ध्यान रखा जाएगा. सुरक्षा के तमाम इंतजामों के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे से मेला की मॉनिटरिंग की जाएगी.
कोडरमा:- कोडरमा के करमा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य कर रही वैसकॉन कंपनी के इंजीनियर के साथ तिलैया थाना से महज सौ मीटर की दूरी पर अचानक से कुछ मनचलों ने हमला कर दिया। जिससे बिहार के सासाराम निवासी सुनील कुमार बुरी तरह से जख्मी हो गए। मामले की जानकारी देते हुए सुनील कुमार ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ बाजार घूमने निकले थे। जब वे कोडरमा स्टेशन के नजदीक गाड़ी से गुजर रहे थे तो बुलेट पर सवार दो युवक अचानक उनकी गाड़ी के पास आ गए और गाली गलौज शुरू कर दी और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वे मारने की धमकी देने लगे और कार का ओवरटेक कर तिलैया थाना के महज 100 मीटर की दूरी पर हमला बोल दिया। बताया जाता हैं कि बुलेट सवार दोनों युवक अपने साथ 15-20 अन्य लोगों को साथ में लेकर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और उनके कार का सीसा फोड़ दिया तथा उन्हें कार से बाहर निकाल कर उनके सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे वे बुरी तरह से घायल हो गए। हालांकि सूचना पाकर तिलैया थाना से पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल इंजीनियर सुनील को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई। सीसीटीवी में मारपीट करने वाले कुछ युवकों का चेहरा भी सामने आया है जिसे तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।
कोडरमा :प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धनबाद आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखा जा रहा है. बात दें कि 1 मार्च को पीएम मोदी धनबाद पहुंचेंगे और पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में कोडरमा से भी बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी की अगुवाई में धनबाद पहुंचेंगे और पीएम मोदी के विचारों को सुनेंगे. केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पीएम मोदी के आगमन की खबर सुनकर ही लोगों में काफी उत्साह बढ़ गया है और लोग इस घड़ी का इंतजार कर रहे हैं कि जब पीएम मोदी 1 मार्च को धनबाद पहुचेंगे तो झारखंड के लोगों को क्या स्वागत मिलेगा. साथ ही पीएम मोदी 2024 लोकसभा चुनाव का विगुल भी फूकेंगे. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी का यह धनबाद दौरा कार्यकर्ताओं और नेताओं में एक नए जोश का संचार करेगा. 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी का 400 पार का नारा भी पूरा होगा.
कोडरमा:- कोडरमा के झुमरी तिलैया बाईपास में सर्विस लेन पर संचालित हो रहे गैरेज को हटाया जा रहा है। सर्विस रोड पर गैरेज संचालकों के द्वारा किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन के द्वारा हटाया जा रहा है। दरअसल सर्विस लेन पर अक्सर बड़ी-बड़ी ट्रक और भारी भरकम वाहनों की सर्विसिंग और रिपेयरिंग के कार्य होने से अक्सर दुर्घटना होती रहती थी।इसी मद्देनजर एसडीओ रिया सिंह की अगुवाई में डीटीओ विजय सोनी ने अभियान चला कर सर्विस रोड पर रिपेयरिंग के लिए खड़े ट्रैकों को हटाने का निर्देश दिया, साथ ही सड़क पर गाड़ियों की मरम्मती करने वाले गैरेज संचालकों पर जुर्माना भी लगाया। दरअसल तिलैया बाईपास में कई जगह पर फोरलेन का निर्माण कार्य अभी भी जारी है, ऐसे में सर्विस रोड से लोगों को आवाजाही करने में आसानी होती, लेकिन ट्रकों के खड़े रहने के कारण लोगों को रॉन्ग साइड से फोरलेन पर वाहनों का परिचालन करना पड़ता है, जिसके कारण अक्सर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है और दुर्घटनाएं होती भी रहती है। डीटीओ विजय सोनी ने बताया कि यातायात नियमों के अनुपालन नहीं करने के साथ-साथ सर्विस रोड पर ट्रकों के खड़े रहने से हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं के मामले में बढ़ोतरी हुई हैं, जिसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने सर्विस रोड को पूरी तरह से खाली करने का निर्णय लिया है और उसी आलोक में यह कार्रवाई की जा रही है।
कोडरमा: केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मंगलवार को कोडरमा के पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में बहुउद्देश्यीय सभागार का उद्घाटन किया. इसके अलावे स्कूल परिसर में जिम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी शुभारंभ किया गया. इस मौके पर स्कूली बच्चों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, इसका केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अवलोकन किया. आपको बता दें कि साल भर पहले ही इसका शिलान्यास किया गया था जो अब बनकर तैयार हो गया. पीएम श्री योजना के तहत करीब 6 करोड़ की लागत से स्कूल की आधारभूत संरचना में बदलाव लाया जा रहा है. देश के करीब 300 से ज्यादा नवोदय विद्यालय को पीएम श्री स्कूल के रूप में तब्दील किया जा रहा है. इस अवसर पर मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पीएम श्री स्कूल योजना के तहत न सिर्फ स्कूलों के आधरभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है बल्कि भविष्य को ध्यान में रखकर स्कूलों को तैयार किया जा रहा है ताकि स्कूल पहुंचने वाले बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ गुणात्मक शिक्षा मिल सके.