मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में कोंग्रेस-माले का गिरिडीह में विरोध मार्च निकला। झंडा मैदान से शुरू हुआ मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गांधी चौक पहुंचा। इस दौरान नटराज चौक पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नेताओं ने माल्यार्पण किया।

सभा में माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव और विनोद सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का आरोप लगाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और कानूनी कार्रवाई की मांग की। मार्च में कांग्रेस और माले के नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में सुधार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की।