

सोमवार, 14 सितंबर 2026
Live
मधुबनी : शहर को भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को बड़ा कदम उठाया है. ट्रैफिक थाना के थानाध्यक्ष नीलमणि रंजन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर वन-वे के सांकेतिक बोर्ड लगाए गए. सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के 11 रूटों पर यातायात पर वनवे रहेगा.हालांकि, शहर के कई मार्गों को पहले ही वन-वे घोषित कर दिया गया था, लेकिन स्पष्ट बोर्ड न होने के कारण चालकों को स्थिति का सही पता नहीं चलता था. इस वजह से कई बड़े और भारी वाहन प्रतिबंधित रास्तों में प्रवेश कर जाते थे, जिससे घंटों जाम लगा रहता था. अब संकेतक लगने से चालकों को स्पष्ट निर्देश दिखाई देंगे. थानाध्यक्ष नीलमणि रंजन ने बताया कि कई बार चालक जानबूझकर भी नियम तोड़ते हैं, जिस पर तैनात पुलिस बल द्वारा सख्त कार्रवाई की जाती है. उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से जाम खत्म नहीं होगा. शहर को सुचारू रखने के लिए लोगों और चालकों को खुद भी जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करना होगा.
मधुबनी : बड़ी खबर मधुबनी से है जहां पुलिस ने भारत, नेपाल, सउदी अरब समेत कई देशों के मुद्रा के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई लदनिया थाना क्षेत्र में किया गया है.मधुबनी एसएसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस को संबोधित करते हुए जानकारी दिया कि ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में लदनिया थाना क्षेत्र में भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया. नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का सख्त प्रहार, जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है. साथ ही गिरफ्तार व्यक्ति के पास से कई देशों के करेंसी भी बरामद हुआ है. जिसमें नेपाल के 11 लाख 42हजार, नेपाली नकली करेंसी 750 रुपये, भारतीय मुद्रा 5लाख 33हजार, सऊदी अरब का करेंसी 6 रियाल जब्त किया गया. एसएसपी योगेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की तत्परता काफी सख्त रूप में देखने को मिलेगा.
मधुबनी : बड़ी खबर मधुबनी से है जहां लदनियां थाना क्षेत्र के जोगिया गांव स्थित पेट्रोल पंप पर 3 बदमाशों ने कथित तौर पर पिस्तौल का भय दिखाकर लूटपाट की कोशिश कर रहे थे. लेकिन पेट्रोल पंप कर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए स्थानीय लोगों की सहायता से मौके पर ही 2 बदमाशों को पकड़ लिया और आक्रोशित लोगों ने दोनों की पिटाई भी कर दी. वहीं मौके से एक आरोपी भागने में सफल रहा. इसके बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर पकड़े गये दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
मधुबनी : बड़ी खबर मधुबनी से है जहां खजौली थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद मामले में पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा है. घटना में तीन लोग शामिल बताए जा रहे हैं.बताया जाता है कि खजौली थाना क्षेत्र में गांव का ही एक युवक ने युवती को फोन कर बुलाया और दोस्तों के साथ मिलकर उसने युवती से गैंग रेप किया. इसको लेकर युवती के परिजन ने खजौली थाना अध्यक्ष सपन कुमार सिंह को एक लिखित आवेदन दिया जिसमें बीते 28 जून 2026 को रात करीब 1 से 2 बजे के आसपास युवती के साथ घर से थोड़ी दूर एक मुर्गा फॉर्म में बुलाकर उसके साथ घटना को अंजाम दिया गया. मामला सामने आने के बाद सदर 2 की SDPO कामनी कौशल ने सर्किल पुलिस अधिकारी मोहम्मद सबर आलम व फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है. युवती को मेडिकल जांच व 164 के बयान के लिए न्यायालय भेजा जा रहा है.सूत्रों की मानें तो युवक युवती को पिछले एक वर्ष से जानता था और दोनों के बीच बराबर मोबाइल पर बातचीत होती थी.
मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में वाहन के अंदर बैठकर रुपए गिनने और बांटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी योगेंद्र कुमार ने अररिया संग्राम थाना की महिला पुलिस अधिकारी( ASI) समेत 3 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वायरल वीडियो में अररिया संग्राम थाना की महिला पुलिस पदाधिकारी सोनल कुमारी सरकारी गाड़ी के अंदर नोटों की गड्डियों का लेन-देन और गिनती करती दिखाई दी है. महिला ASI का वाहन में आपस में रुपए बांटते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.वहीं यह वीडियो वायरल होते होते मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के पास पहुंचने पर झंझारपुर के एसडीपीओ से इसकी जांच कराई गई. जांच में वीडियो में रुपए बांटते वायरल हो रही पुलिस पदाधिकारी की पहचान अररिया थाना में पदस्थापित ASI सोनल कुमारी ,सिपाही गौतम कुमार और महिला सिपाही सौंदर्या राय के रूप में होते ही पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने तीनों को निलंबित कर दिया.
मधुबनी : जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अधवारी गांव में मंगलवार को उस समय रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई, जब कोर्ट के आदेश पर दखल दिहानी कराने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम के सामने ही एक पक्ष के बुजुर्ग ने विरोध जताते हुए खुद को आग के हवाले कर दिया. बुजुर्ग को जलता देख वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई और उसने प्रशासनिक टीम पर हमला बोल दिया.बताया जा रहा है कि बुजुर्ग द्वारा आत्मदाह का प्रयास करते ही मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. माहौल बिगड़ता देख अंचलाधिकारी (CO) अभिषेक आनंद और अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह किसी तरह वहां से जान बचाकर मौके से भाग निकले. हालांकि, कोर्ट के आदेश पर दखल दिहानी के लिए नियुक्त किए गए कमिशनर रत्नाकर झा भीड़ के हत्थे चढ़ गए. आक्रोशित भीड़ ने उन्हें बंधक बना लिया और करीब आधे घंटे तक उनकी लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर पिटाई की. यह पूरा मामला दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद से जुड़ा है:पहला पक्ष (पीड़ित): राजेंद्र ठाकुर, जिन्होंने खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली. पीड़ित परिवार का दावा है कि पूर्व में इस जमीन को लेकर उन्हें दो बार कोर्ट से डिक्री (फैसला) मिल चुकी है.दूसरा पक्ष: महेंद्र यादव, जिनके पक्ष में हाल ही में कोर्ट ने डिग्री दी थी. इसी ताजा आदेश के आलोक में आज प्रशासन जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंचा था.आग में बुरी तरह झुलसे बुजुर्ग राजेंद्र ठाकुर को आनन-फानन में पहले जिरौल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेनीपट्टी के अनुमंडल अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी चल रही है.घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी अमित कुमार, एसडीओ शारंग पानी पाण्डेय, और सर्किल इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फिलहाल अधवारी गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर आस-पास के कई थानों की पुलिस वहां कैंप कर रही है. पुलिस हमलावरों की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है.
मधुबनी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां पतौना थाना क्षेत्र के खेरवार गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 बच्चे की मौत हो गई. मरने वालों में 3 लड़की और 2 लड़के शामिल है. सभी आपस में भाई-बहन बताये जा रहे हैं. घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि बिस्फी प्रखंड के पतौना थाना के खेरवार गांव में बुधवार दिन के दो बजे के आसपास 5 बच्चे JCB से बने गड्ढे में स्नान के लिए गये थे. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने से पांचों बच्चे की मौत हो गई है. मृतकों में तीन लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं और सभी आपस में भाई बहन हैं. डूब रहे सभी बच्चे की चीख चिल्लाहट सुनकर जब तक लोग कुछ समझ व मदद के लिए वहां पहुंचते तब तक सभी की डूबने से मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण काफी संख्या में जुट गए और सभी बच्चों को पानी से निकाल कर PHC लाया गया जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पाकर थाना अध्यक्ष , बीडीओ, CO सहित कई लोग पहुंचे. वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मधुबनी : बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां जिले के लदनिया थाना क्षेत्र के पदमा एनएच के समीप शनिवार को दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वहीं घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दरभंगा रेफर कर दिया.बताया जा रहा है कि लदनिया थाना क्षेत्र के पदमा एनएच के पास दो मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई. हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई. वहीं 2 युवक गंभीर रुप से घायल हो गये. घायलों की पहचान खुटौना निवासी श्रीदेव कामत के 18 वर्षीय पुत्रसुजीत कुमारतथा रामख्त निवासी 18 वर्षीयकरन कुमारके रूप में हुई है. हादसे में अत्यधिक गम्भीर रुप से घायलसचिन कुमारको अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जबकि अन्य दो लोगो की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर काफी तेज थी, जिसके कारण दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
मधुबनी : जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था में पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर जिला प्रशासन द्वारा सख्त एवं निर्णायक कार्रवाई की जा रही है. उपभोक्ताओं से लगातार प्राप्त शिकायतों तथा जांच में सामने आई गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा बुधवार को 4 गैस एजेंसियों के गोदामों को सील किया गया था. अब उक्त मामलों में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज कर दी गई है.ज्ञातव्य हो कि जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेष जांच दल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों पर औचक निरीक्षण किया गया था. जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं, जिसके उपरांत संबंधित एजेंसियों के गोदामों को तत्काल प्रभाव से सील किया गया.जिन एजेंसियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है, वे निम्नलिखित हैं —बाल्थी इंडेन ग्रामीण वितरक, बाल्थी, मधेपुरअवंतिका इंडेन, बेनीपट्टीअविमो एचपी गैस ग्रामीण वितरक, परसा, घोघरडीहाकौशल किशोर एचपी गैस ग्रामीण वितरक, मिश्रौलिया, बाबूबरहीजांच के दौरान यह पाया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था तथा होम डिलीवरी व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित नहीं की जा रही थी. कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा था, जबकि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गैस सिलेंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं के घर तक की जानी चाहिए.इस संबंध में जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि “जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, मनमानी अथवा उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. गैस एजेंसियां आम जनता की सुविधा के लिए कार्य करती हैं, न कि उन्हें परेशान करने के लिए. यदि किसी एजेंसी द्वारा नियमों की अवहेलना, कृत्रिम संकट उत्पन्न करने, होम डिलीवरी में लापरवाही अथवा उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत प्राप्त होती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”
मधुबनी : बिहार के मधुबनी, झंझारपुर और बेनीपट्टी व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडे ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का उद्घाटन किया.ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट ऋचा भारद्वाज के भव्य संचालन में आयोजित कार्यक्रम में ADJ 1 रचना राज, परिवार न्यायालय के जज जय किशोर दुबे, जिला विधिक प्राधिकार के सचिव अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संदीप चैतन्य ,DM आनंद शर्मा ,अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि ,जिला वार एसोशिएशन के सचिव शिव नाथ चौधरी ,अधिवक्ता मिथिलेश कुमार झा ने भाग लिया.राष्ट्रीय लोक अदालत में लोगों को त्वरित, नि:शुल्क और सरल न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक अदालत का आयोजन किया गया. पहली बार ट्रैफिक चालान मामलों के निष्पादन के लिए जिला स्कूल में विशेष बेंच में आम लोगों को सुविधा मिली और कई मामलों का जल्द निपटारा हो गया. बैंक ऋण, बिजली बिल, पारिवारिक विवाद, दुर्घटना दावा, ट्रैफिक चालान सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निष्पादन किया गया.
मधुबनी : जिले के लखनौर थाना क्षेत्र के तमुरिया गांव में एक साइकिल स्टोर में साइकिल खरीद ,बिक्री ,मरम्मत और पंक्चर साटने की जगह बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर स्टोर कर कालाबाजारी की जा रही थी. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर सभी सिलेंडर बरामद कर लिया है और इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. लखनौर थाना के तमुरिया गांव के जयनारायण महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो को गिरफ्तार कर लिया है . मामले में झंझारपुर अनुमंडल के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि साइकिल दुकान से गैस सिलेंडर बरामद हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि सभी गैस सिलेंडर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का है.वहीं एजेंसी संचालक के नामों का खुलासा करने से परहेज करते हुए उन्होंने बताया कि यह अनुसंधान का मामला है. पूरे मामले का अनुसंधान के बाद एजेंसी संचालक के नाम का खुलासा संभव है.जिस गैस की किल्लत की अफवाह और कालाबाजारी की चर्चा को लेकर सदन से सड़क तक हंगामे हुए. सरकार ने सख्ती की. इसके बाद कालाबाजारी के सिलेंडर बरामद हुए. कालाबाजारी को लेकर एक गिरफ्तारी भी हुई है. गैस कंपनी के नाम का खुलासा भी हुआ किस एजेंसी का गैस है. लेकिन कौन सी एजेंसी संचालक शामिल है इसका खुलासा करने से पुलिस परहेज कर रही है.सवाल उठता है बिना एजेंसी संचालक के सहयोग और मिलीभगत के इतनी भारी मात्रा में कॉमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ लेकिन एजेंसी संचालक का नाम सामने नहीं आया इसको लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
मधुबनी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां फुलपरास थाना क्षेत्र के परसा गांव में स्कॉर्पियो और पिकअप में सीधी टक्कर होने से 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं 3 लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है. घटना के बाद सभी घायलों को DMCH रेफर कर दिया गया है. अपडेट जारी---
मधुबनी : बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जिला पुलिस ने अंतर्राष्ट्रीय साइबर फ्रॉड गिरोह के भारतीय सरगना सहित गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये साइबर फ्रॉड गिरोह के पास से 7 सिम बॉक्स, 136 मोबाइल ,136 सिम ,कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस सहित 1 लाख ,68 हजार रुपए बरामद किए गए हैं.यह कार्रवाई खुफिया इनपुट के बाद सक्रिय हुई IB, EOU,DIU, SSB, DOT, नगर थाना ,साइबर थाना टीम में शामिल दर्जनों से ज्यादा सदस्यों ने नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास स्थित मोबाइल रिपेयरिंग के विकास कुमार , राजनगर थाना क्षेत्र के रौशन कुमार कमती, नगर थाना क्षेत्र के लहरियागंज से मोहम्मद एहसान और तिरहुत कॉलोनी निवासी सुरेश सिंह के घर में छापेमारी कर उनके पुत्र मनदीप कुमार को गिरफ्तार किया है.SP योगेंद्र कुमार ने बताया कि मनदीप कुमार अपने घर के एक कमरे में निजी कंपनियों के डिवाइस के जरिए सिम बॉक्स के माध्यम से ट्रंकल सिस्टम के जरिए कंबोडिया ,थाईलैंड ,म्यांमार इत्यादि विदेश में बैठे साइबर फ्रॉड़ों के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड का काम करते थे. एसपी योगेंद्र कुमार ने पत्रकारों को इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार लोग दूसरे के नाम पर सिम निकाल कर विदेशी फ्रॉड के साथ मिलकर साइबर फ्रॉड करते थे.SP योगेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
मधुबनी : बिहार के अररिया जिला व्यवहार न्यायालय में बम होने की सूचना के बाद मधुबनी सिविल कोर्ट में बम होने की सूचना मिली है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरा कोर्ट को खाली कराया गया है. मधुबनी जिला कोर्ट में बम होने की सूचना पर व्यवहार न्यायालय को खाली कराया गया है. बताया जा रहा है कि ईमेल के जरिये जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद पुलिस एवं सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. वहीं डॉग स्क्वायड की टीम को भी कोर्ट में बुलाया जा रहा है. फिलहाल कोई भी अधिकारी इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं. वहीं जिला जज पूरे मामले की सुरक्षा कर्मियों के साथ जानकारी ले रहे हैं.
मधुबनी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां जयनगर थाना क्षेत्र के कमला पुल के पास पेट्रोल पंप कर्मी से भीषण लूट हुई है. हथियार से लैस बाइकसवार अपराधियों ने पेट्रोल पंप कर्मी से 8 लाख रुपए लूटे. लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी वहांस नेपाल भाग गये. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है.
मधुबनी: बिहार के मधुबनी जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा दो दिवसीय हंड्रेड मिनी बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को गिरधारी नगर भवन (टाऊन हॉल), मधुबनी में फाइनल के साथ समापन हुआ. प्रतियोगिता का राज्य स्तरीय चरण में 27 एवं 28 नवंबर को पटना में आयोजित होगा, जिसके विजेता, उपविजेता एवं सभी सेमीफाइनलिस्ट राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित किए जाएंगे.बिहार राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन एवं मधुबनी जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में दिनांक 21 एवं 22 नवंबर 2025 को स्थानीय नगर भवन में दो दिवसीय हंड्रेड मिनी बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया. शनिवार को हंड्रेड मिनी बैडमिंटन टूर्नामेंट का सेमीफाइनल और फाइनल शनिवार 22 नवंबर 2025 को गिरधारी नगर भवन (टाऊन हॉल), मधुबनी में खेला गया. इसमें 100 बच्चों ने प्रतिभागी बन हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में अंडर 9 और अंडर 11 के बालिका और बालक ने अपना-अपना भाग्य आजमा रहे हैं. सेमीफाइनल में चयनित बच्चे दिनांक 27 से 28 नवंबर 2025 को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे. इसका उद्घाटन अपर समाहर्ता मुकेश रंजन एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा जिला बैडमिंटन एसोशिएशन के अध्यक्ष सुरेश कुमार वैरोलिया के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया था. प्रतियोगिता के अंडर 11 बालक वर्ग के डॉन बॉस्को स्कूल के विजेता आदित्य कुमार ने विवेकानंद मिशन विद्यापीठ जूनियर के आयुष कुमार को हराया जबकि बॉस्को स्कूल के दीपक राज ने अपने ही स्कूल के सावन कुमार मंडल को हराकर तृतीय स्थान पाया. अंडर 11 बालिका वर्ग में इंडियन पब्लिक स्कूल की ही सौम्या श्री विजेता, सुप्रिया रानी उपविजेता एवं समीक्षा कुमारी तृतीय रही. जबकि सेंट्रल पब्लिक स्कूल की मिली कुमारी ने चतुर्थ स्थान पाया. अंडर 9 बालक वर्ग में इंडियन पब्लिक स्कूल के सूर्यांशु कुमार पासवान विजेता जबकि आश्रम पब्लिक स्कूल के उपनिषद कुमार उपविजेता रहे. साथ ही विवेकानंद मिशन विद्यापीठ जूनियर के उमंग झा ने तृतीय और पोल स्टार के कौटिल्य अर्पण ने चौथा स्थान पाया. अंडर 9 बालिका वर्ग में विवेकानंद मिशन विद्यापीठ जूनियर की ही भावना कुमारी विजेता और अक्षिता उपविजेता बनी. जबकि रीजनल पब्लिक स्कूल की काव्य सिंह ने तृतीय स्थान , जबकि दिव्या यादव ने चौथा स्थान लाया.
मधुबनी : बड़ी खबरबिहार के मधुबनी से है जहां रेल सुरक्षा बल की टीम ने जिला मुख्यालय स्थित मधुबनी रेलवे स्टेशन के आरक्षण टिकट काउंटर से अवैध रूप से टिकट बनाने वाले 3 दलालों को रंगेहाथ धर दबोचा है. बताया जा रहा है कि मधुबनी रेलवे स्टेशन से आरपीएफ की टीम ने रिजर्वेशन टिकट काउंटर से अवैध रुप से टिकट बना रहे 3 आरोपी युवकों को पकड़ा है. पकड़े गए दलालों की पहचान मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के शंकर चौक निवासी विवेक राज, लदनिया थाना क्षेत्र के पदमा गांव निवासी सूरज कुमार यादव एवं राजनगर थाना क्षेत्र के चकदह गांव निवासी आकाश कुमार गुप्ता और राजन कुमार चौधरी के रूप में की गई है. पकड़े गए दलालों के पास से तीन तत्काल स्लीपर क्लास का टिकट, जिसका मूल्य 12200 है, बरामद किया गया है.टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक पुखराज मीणा के टीम में उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह ,आरक्षी दीपक झा , जगत नारायण एवं अनिल कुमार इत्यादि शामिल थे.
मधुबनी : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के मधुबनी से है जहां दूसरे चरण के मतदान के बीच बिस्फी विधानसभा क्षेत्र के रहिका प्रखंड स्थित बलाट गांव के पोलिंग बूथ संख्या 361 पर बुर्के में फर्जी वोटिंग को लेकर एक पक्ष के सैकड़ों लोगों ने जमकर हंगामा किया. इसकी सूचना मिलते ही BJP के जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा मौके पहुंच कर मामले की जानकारी ली और जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.
मधुबनी : बेनीपट्टी विधानसभा क्षेत्र के कलुआही हाई स्कूल मैदान में शनिवार को आयोजित सुपरस्टार पवन सिंह के कार्यक्रम में उस समय अफरा तफरी मच गया, जब पवन सिंह मंच पर नहीं पहुंच सके. विधायक विनोद नारायण झा के समर्थन में चुनावी सभा आयोजित किया गया था, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, फैंस की नाराजगी बढ़ती चली गई.सूत्रों के अनुसार, पवन सिंह के नहीं आने से नाराज समर्थकों ने पंडाल में तोड़फोड़ शुरू कर दी और कुर्सियां व बैनर फेंक दिए. मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तुरंत सुरक्षा बलों को तैनात किया.इस घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों पर कार्यक्रम को बिगाड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि विपक्ष ने अफवाहें फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि पवन सिंह का हेलीकॉप्टर तकनीकी कारणों से नहीं आ सका. इसके चलते वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए. इसके बाद वहां नाराज लोगों ने पंडाल में तोड़फोड़ कर दी और कुर्सियां को फेंक कर काफी उपद्रव मचाया.