मधुबनी में 11 रूटों पर जाम से मिलेगी निजात : प्रशासन ने शहर के प्रमुख स्थलों पर लगाए वन-वे के सांकेतिक बोर्ड
मधुबनी : शहर को भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को बड़ा कदम उठाया है. ट्रैफिक थाना के थानाध्यक्ष नीलमणि रंजन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर वन-वे के सांकेतिक बोर्ड लगाए गए. सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के 11 रूटों पर यातायात पर वनवे रहेगा.
हालांकि, शहर के कई मार्गों को पहले ही वन-वे घोषित कर दिया गया था, लेकिन स्पष्ट बोर्ड न होने के कारण चालकों को स्थिति का सही पता नहीं चलता था. इस वजह से कई बड़े और भारी वाहन प्रतिबंधित रास्तों में प्रवेश कर जाते थे, जिससे घंटों जाम लगा रहता था. अब संकेतक लगने से चालकों को स्पष्ट निर्देश दिखाई देंगे. थानाध्यक्ष नीलमणि रंजन ने बताया कि कई बार चालक जानबूझकर भी नियम तोड़ते हैं, जिस पर तैनात पुलिस बल द्वारा सख्त कार्रवाई की जाती है. उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से जाम खत्म नहीं होगा. शहर को सुचारू रखने के लिए लोगों और चालकों को खुद भी जागरूक होकर यातायात नियमों का पालन करना होगा.





