
19-23 जून के बीच विशेष अभियान...पल्स पोलियो राउंड के दौरान कोविड टीका से वंचित लोगों का होगा वैक्सीनेशन
पटना। नियमित टीकाकरण के साथ कोविड टीकाकरण बढ़ाने पर भी स्वास्थ्य विभाग का पूरा जोर है। विभाग अब शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिया है। इसको लेकर कोविड टीकाकरण से वंचित लोगों को चिह्नित कर उनका टीकाकरण किया जायेगा।इस बारे में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि कोविड टीकाकरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के एक-एक घर तक पहुंचने की जरूरत है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा 19 से 23 जून यानी पल्स पोलियो राउंड के दौरान जिलों में हर घर दस्तक 2.0 अभियान के तहत घर-घर जाकर कोविड टीकाकरण से छूटे हुए लाभार्थियों की सर्वे कर पहचान की जाएगी। साथ ही चिह्नित लाभुकों को उत्प्रेरित कर नजदीकी टीकाकरण सत्र पर टीकाकृत भी कराया जाएगा। इस प्रक्रिया को सहज बनाने के लिए राज्य स्तर से सभी सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी को पत्र लिखकर निर्देशित भी किया गया है।मंगल पांडेय ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने में कोविड टीके की भूमिका सबसे अधिक रही है। राज्य में भी कोविड टीकाकरण में आम लोगों ने रुचि दिखाई। इससे विभाग प्रभावी तरीके से कोविड से लड़ने में सक्षम हो सका। अब राज्य की प्राथमिकता कोविड टीकाकरण से वंचित सभी लोगों को टीकाकृत करने की है। शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर राज्य कोरोना की संभावित चुनौतियों का मुकाबला करने में अग्रणी रहेगा।
