पटना: बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी का पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अधीन एएन कॉलेज में सहायक प्राध्यापक पद से दिया गया इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है। शनिवार को हुई पीपीयू की सिंडिकेट बैठक में उनके इस्तीफे को स्वीकृति दे दी गई। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में उनकी नियुक्ति और अवैतनिक अवकाश (लियन) को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद भी एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है।
डॉ. अशोक चौधरी ने शुक्रवार को सहायक प्राध्यापक पद से इस्तीफा दिया था। शनिवार को सिंडिकेट की बैठक में उनका आवेदन रखा गया, जहां सभी सदस्यों ने इसे मंजूरी दे दी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दरअसल, अशोक चौधरी ने 17 फरवरी 2026 को एएन कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग में सहायक प्राध्यापक के रूप में योगदान दिया था। इसके अगले ही दिन 18 फरवरी को उन्होंने मंत्री और विधान परिषद सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए अवैतनिक अवकाश यानी लियन का आवेदन दे दिया था। इसी के बाद उनकी नियुक्ति की वैधानिकता को लेकर सवाल उठने लगे थे।
इस मामले में राजद सांसद मनोज झा ने भी आपत्ति जताई थी। उन्होंने सवाल उठाया था कि मंत्री और विधान परिषद सदस्य रहते हुए किसी व्यक्ति की विश्वविद्यालय में शिक्षक पद पर नियुक्ति और लियन की पात्रता कैसे निर्धारित की जा सकती है।
विवाद बढ़ने के बाद राजभवन ने 31 अक्टूबर को नियुक्ति, परिवीक्षा अवधि और लियन की पात्रता को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था। मामले में कानूनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए महाधिवक्ता से भी राय मांगी गई थी।
अब इस्तीफा मंजूर होने के बाद अशोक चौधरी मंत्री और विधान परिषद सदस्य की जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। हालांकि, सहायक प्राध्यापक के पद से उनका संबंध समाप्त होने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इस फैसले से नियुक्ति को लेकर उठे विवाद पर फिलहाल विराम लगने की उम्मीद है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

