जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों का दो दिवसीय प्रशासनिक तथा विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक की मुख्यमंत्री ने की अध्यक्षता ।
गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले, अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई हो।
भूमि विवादों के त्वरित समाधान, पुलिस गश्ती की प्रभावी निगरानी तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष निर्देश।
जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान, अधिकारियों की जवाबदेही तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मुख्यमंत्री ने दिया जोर।
पटनाः मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में आयोजित जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के प्रथम दिन विभागीय वरीय पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में आज गृह विभाग, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग तथा सी०एम०-क्यू०आर०टी०, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, उद्योग विभाग, पथ निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव / सचिव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। जिलों के जिलाधिकारियों एवं वरीय पुलिस अधीक्षकों / पुलिस अधीक्षकों ने भी जिलों में कार्यों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन, विधि व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार एवं कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि खुफिया एवं सूचना तंत्र को और मजबूत बनाया जाए। आम लोगों से नियमित फीडबैक प्राप्त कर प्रशासनिक व्यवस्था को जनहित के अनुरूप बनाया जाए। जनता दरबार का आयोजन निरंतर हो तथा अधिकारी लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। स्थानीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की गतिविधियों पर भी सतत् निगरानी रखी जाए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया और कहा कि रात्रि गश्ती की जी०पी०एस० के माध्यम से निगरानी की जाए। फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इस कार्य की निगरानी आई०जी० एवं डी०आई०जी० स्तर के अधिकारी स्वयं करें। पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों एवं तैनाती की अद्यतन जानकारी रखी जाए तथा इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग हो। हथियारों के नियमित सत्यापन एवं हथियारों के प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखी जाय।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद विधि-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इनके समाधान के लिए अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार नियमित बैठक आयोजित की जाए। डी०सी०एल०आर० एवं ए०डी०एम० के न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित हो, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा किया जा सके। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर प्राप्त जनशिकायतों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था से संबंधित मामलों में पुलिस निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब दे तथा विकास एवं जनकल्याण से जुड़े मामलों का संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र समाधान कराया जाए। उन्होंने जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही एवं तथ्यात्मक जानकारी पहुँचाने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, जिला अस्पतालों में रेफरल व्यवस्था तथा कृषि विभाग के अंतर्गत बीज एवं खाद की उपलब्धता की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने एकीकृत कृषि प्रणाली, नकदी फसलों एवं किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में लैंड बैंक विकसित करने तथा स्थानीय उद्योगपतियों से नियमित संवाद स्थापित कर निवेश एवं रोजगार के अवसर बढाने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण एवं जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट को सुधारने, बाढ़ एवं गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने तथा अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पूर्व पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें। सरकार की प्राथमिकता सुशासन, सुरक्षा, न्याय और विकास है। प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित सर्वोपरि रहना चाहिए।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

