30 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में केंद्र की मोदी सरकार परिसीमन बिल लाने की तैयारी कर रही है। चर्चा है कि प्रस्तावित परिसीमन में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है, और सीटों की यह संख्या अगले 25 वर्षों के लिए फ्रीज हो सकती है। लेकिन इस संभावित कदम को लेकर झारखंड जनाधिकार महासभा ने गंभीर आपत्ति जताई है। महासभा ने INDIA गठबंधन और गैर-भाजपा दलों के नेताओं को खुला पत्र लिखकर झारखंड की जनता की चिंताएं और शर्तें सामने रखी हैं।महासभा का कहना है कि मौजूदा स्वरूप में परिसीमन हुआ, तो आदिवासियों, दलितों, मुसलमानों और झारखंड जैसे राज्यों की राजनीतिक आवाज कमजोर पड़ सकती है। अपनी बात रखने के लिए महासभा ने 2022 में जम्मू-कश्मीर और 2023 में असम में हुए परिसीमन का हवाला दिया है। आरोप लगाया गया है कि उन राज्यों में सीटों की सीमाएं इस तरह बदली गईं कि सत्ताधारी दल के समर्थक मतदाता एकजुट हों और विपक्षी मतदाताओं का असर बंट जाए।
महासभा को आशंका है कि देशव्यापी परिसीमन में भी यही तरीका अपनाया जा सकता है।इस मुद्दे पर चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। परिसीमन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त, राज्य चुनाव आयुक्त और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश शामिल होते हैं। महासभा ने मौजूदा चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए 2023 के चुनाव आयुक्त चयन कानून को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग की है। साथ ही एसआईआर की प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों का जिक्र करते हुए कहा गया है कि निष्पक्ष संस्था के बिना परिसीमन पर भरोसा कैसे कायम होगा। झारखंड के संदर्भ में महासभा ने आदिवासी प्रतिनिधित्व घटने का खतरा भी उठाया है। पत्र के मुताबिक पलायन, अधिक मृत्यु दर, जनसंख्या नियंत्रण और बाहरी आबादी के बसने से आदिवासी हिस्सेदारी पर असर पड़ सकता है। महासभा का कहना है कि पांचवीं और छठी अनुसूची के कई क्षेत्रों में सीटें जनसंख्या के आधार पर तय होने के कारण आदिवासियों के लिए आरक्षित नहीं हैं, और कई आदिवासी बहुल इलाके अब भी अनुसूचित क्षेत्र घोषित नहीं हुए हैं।
आंकड़ों के जरिए बताया गया है कि अभी सामान्य और एससी-एसटी आरक्षित सीटों के बीच 281 का अंतर है, जो 50 प्रतिशत सीटें बढ़ने पर 421 हो सके.अंत में महासभा ने मांग की है कि व्यापक जनचर्चा और समाधान के बिना परिसीमन न किया जाए। महिला आरक्षण को परिसीमन का इंतजार किए बिना मौजूदा सीटों पर तुरंत लागू किया जाए, और सीटों की संख्या बढ़ाने के बजाय संघीय ढांचे व विकेंद्रीकृत शासन को मजबूत किया जाए। महासभा ने विपक्षी और गैर-भाजपा दलों से अपील की है कि वे एकजुट होकर प्रस्तावित परिसीमन का विरोध करें और सामाजिक न्याय व लोकतांत्रिक संतुलन की रक्षा करें।
