नई दिल्ली/पटना: बिहार के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक राजेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। शीर्ष अदालत ने उनकी उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपने निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका को ही खारिज करने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद अब विधायक के निर्वाचन से जुड़ा मामला पटना हाई कोर्ट में आगे बढ़ेगा।
दरअसल, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजेश कुमार सिंह मोहिउद्दीननगर सीट से निर्वाचित हुए थे। उनके निर्वाचन को चुनौती देते हुए पटना हाई कोर्ट में चुनाव याचिका दाखिल की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि चुनाव के दौरान उन्होंने अपने आपराधिक रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी का खुलासा नहीं किया था। इसी आधार पर उनके चुनाव को अमान्य घोषित करने की मांग की गई है।
इस चुनाव याचिका को खारिज कराने के लिए राजेश कुमार सिंह ने पटना हाई कोर्ट में आवेदन दिया था। उनका तर्क था कि चुनाव याचिका कानूनी रूप से उचित नहीं है और इसमें उनके खिलाफ कार्रवाई का कोई ठोस आधार नहीं बनता है। हालांकि, पटना हाई कोर्ट ने 12 अगस्त को उनकी इस मांग को खारिज कर दिया था।
इसके बाद विधायक ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। शनिवार को जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने मामले की सुनवाई की। विधायक की ओर से दलील दी गई कि वह चुनाव जीतकर आए हैं और उनके खिलाफ दायर चुनाव याचिका को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया और याचिका खारिज कर दी।
क्या है फैसले का राजनीतिक और कानूनी मायने?
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का सबसे बड़ा मतलब यह है कि विधायक को फिलहाल चुनाव याचिका से राहत नहीं मिली है। अब पटना हाई कोर्ट में मूल चुनाव याचिका पर सुनवाई आगे बढ़ेगी। हाई कोर्ट को आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर फैसला करना होगा।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश के जरिए राजेश कुमार सिंह का निर्वाचन रद्द नहीं किया है और न ही उन पर लगे आरोपों को साबित माना है। उनकी विधायकी पर अंतिम फैसला पटना हाई कोर्ट में होने वाली सुनवाई और उसके निर्णय पर निर्भर करेगा।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

