श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के द मेबरीक रिजॉर्ट में चल रही थी पार्टी, बार बालाओं के डांस की भी मिली थी सूचना; ब्रेथ एनालाइजर जांच में 10 लोग मिले नशे में
पटना:राजधानी पटना में शराबबंदी कानून के बावजूद शराब पार्टी का मामला सामने आया है। श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के राजापुल स्थित गेट नंबर 31 के पास द मेबरीक रिजॉर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी पर पुलिस ने छापेमारी कर 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पार्टी में शामिल 10 व्यक्ति और रिजॉर्ट का एक मैनेजर शामिल है।
शराब पार्टी और बार बालाओं के डांस की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि रिजॉर्ट में शराब पार्टी के साथ बार बालाओं का डांस भी चल रहा है। इसके बाद नगर पुलिस अधीक्षक मध्य के निर्देश पर सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान रिजॉर्ट में दो महिला डांसर मौजूद थीं। पुलिस ने इनमें से एक को गिरफ्तार किया है।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 10 लोग मिले नशे में
पुलिस ने मौके पर मौजूद पार्टी में शामिल 10 लोगों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की। जांच में सभी शराब के नशे में पाए गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने रॉयल स्टैग की तीन बोतल और जॉनी वॉकर की एक बोतल बरामद की। इसके अलावा मौके से दो हथियार भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, जांच में दोनों हथियारों के लाइसेंस वैध पाए गए हैं।
राजू के जन्मदिन पर आयोजित थी पार्टी
जानकारी के अनुसार, रिजॉर्ट में यह पार्टी राजू नाम के युवक के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित की गई थी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
न्यायालय में पेश किए जाएंगे आरोपी
सचिवालय एसडीपीओ-2 साकेत कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। राजधानी में शराबबंदी के बीच रिजॉर्ट में शराब पार्टी का यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

