हाजीपुर : छठ महापर्व के बाद यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा नियमित एवं स्पेशल ट्रेनों का प्रभावी संचालन करते हुए 16 नवंबर से 26 नवंबर, 2026 के मध्य 10 दिनों में 103 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया. इस दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने तथा उन्हें व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु कई कदम उठाए गए थे.

छठ महापर्व के बाद बड़ी संख्या में यात्रियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल द्वारा यात्री मांग के अनुरूप नियमित ट्रेनों के अलावा काफी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया गया. इस अवधि में कुल 103.79 लाख यात्रियों ने पूर्व मध्य रेल की यात्री सेवाओं का लाभ उठाया. जबकि पिछले वर्ष 2025 में छठ के उपरांत 10 दिनों में 98.13 लाख यात्रियों ने पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार से यात्रा की थी. इस प्रकार यात्रियों की संख्या में 5.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई.

यात्री राजस्व में 9.96 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज - छठ उपरांत 10 दिनों में यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या के साथ इस अवधि में पूर्व मध्य रेल के यात्री राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. छठ के उपरांत16 नवंबर से 26 नवंबर तक कुल 238.46 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि पिछले वर्ष 2025 में छठ के उपरांत 10 दिनों में प्राप्त राजस्व 216.87 करोड़ रुपये था. इस प्रकार यात्री राजस्व में भी 9.96 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. इसके साथ ही वर्ष 2026 में प्रति यात्री औसत राजस्व 229.74 रुपये रहा, जो वर्ष 2025 के 221.01 रुपये की तुलना में 3.95 प्रतिशत अधिक रहा.

Non-PRS एवं PRS दोनों श्रेणियों में वृद्धि दर्ज - गैर-आरक्षित यात्री सेवाओं (Non-PRS) के अंतर्गत जहां इस वर्ष 2026 में 69.24 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, वहीं पिछले वर्ष 2025 में यह 55.74 करोड़ रुपये था. इस प्रकार Non-PRS राजस्व में 24.21 प्रतिशत की वृद्धि हुई. इस श्रेणी में यात्रियों की संख्या भी 79.78 लाख से बढ़कर 84.29 लाख हो गई, जो 5.65 प्रतिशत अधिक है.

इसी प्रकार, आरक्षित यात्री सेवाओं (PRS) के अंतर्गत वर्ष 2026 में जहां 169.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि वर्ष 2025 में यह 161.12 करोड़ रुपये था. इस प्रकार PRS राजस्व में भी 5.02 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई. आरक्षित श्रेणी में यात्रियों की संख्या 18.35 लाख से बढ़कर 19.51 लाख दर्ज की गयी, जो पिछले साल की तुलना में 6.33 प्रतिशत अधिक है.

यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक गंतव्य तक पहुंचाना रही सर्वोच्च प्राथमिकता - छठ महापर्व के उपरांत यात्रियों की बड़ी संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को समुचित रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित एवं सुगमतापूर्वक उनके गंतव्य तक पहुंचाना रहा. नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध हुए तथा भीड़ के सुचारू प्रबंधन में भी सहायता मिली.

पूर्व मध्य रेल द्वारा यात्रियों की आवश्यकता के अनुरूप सेवाओं की निरंतर निगरानी की गई तथा यात्री सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.

इस प्रकार छठ महापर्व के उपरांत 10 दिनों में 103 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ पूर्व मध्य रेल ने यात्री राजस्व में 9.96 प्रतिशत और यात्री संख्या में 5.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज कर बेहतर यात्री सेवा एवं प्रभावी संचालन का परिचय दिया है.

नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-