अगले एक साल में विक्रमशिला विश्वविद्यालय शुरू करने का लक्ष्य, बिहार में एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना और शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में शिक्षा के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने DAV संस्थान के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी से बिहार की सभी पुलिस लाइनों में DAV स्कूल खोलने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित तीन दिवसीय आठवें DAV यूनाइटेड फेस्टिवल-2026 का उद्घाटन कर रहे थे। 'सेलिब्रेटिंग यूनिटी' थीम पर 28 से 30 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्वलित कर किया।
एक साल में शुरू होगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और अगले एक साल में इसे शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। राज्य में ही बेहतर शैक्षणिक संस्थानों का विकास किया जा रहा है।
सभी पुलिस लाइनों में DAV स्कूल खोलने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने DAV संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से कहा कि बिहार की सभी पुलिस लाइनों में DAV स्कूल स्थापित किए जाएं। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब डेढ़ लाख पुलिस बल कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 40 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी और इसके लिए जमीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।
बिहार में एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना
मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में मात्र 272 डिग्री कॉलेज थे। अब राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की है और उनमें शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम किया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र सहित दूसरे राज्यों में कार्यरत बिहार के शिक्षक वापस अपने प्रदेश लौटे हैं। बीएड कॉलेजों से भी डिग्री कॉलेज संचालित करने का आग्रह किया गया है।
700 स्थानों पर मॉडल स्कूल, 4.5 लाख बच्चे कर रहे पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 534 प्रखंडों सहित कुल 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। इनमें करीब 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने तकनीक के माध्यम से शिक्षा की उपलब्धता का उदाहरण देते हुए कहा कि जुलाई में मिली पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी करीब डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। इससे उन परिवारों के बच्चों को विशेष लाभ मिल रहा है, जिन्हें घर पर पढ़ाई में पर्याप्त सहयोग नहीं मिल पाता।
युवाओं की शिक्षा के लिए 18 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की करीब 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है। ऐसे में युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बिहार में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के संस्थान विकसित हों।
नालंदा और विक्रमशिला की विरासत का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए बिहार की अपनी विशिष्ट पहचान रही है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय इसी धरती पर स्थापित थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित DAV संस्थान पिछले 140 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा है। वर्ष 1886 में लाहौर से शुरू हुई इसकी शैक्षणिक यात्रा आज देशभर में हजारों संस्थानों तक पहुंच चुकी है।
बिहार में 15 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से इंडस्ट्री का विकास
मुख्यमंत्री ने राज्य में आधारभूत संरचनाओं और औद्योगिक विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही 10 नए हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 15 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से उद्योगों का विकास हो रहा है और प्रदेश में प्रतिवर्ष करीब 9 से 10 हजार नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं।
DAV यूनाइटेड फेस्टिवल में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में DAV कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. पूनम सूरी ने पुष्पगुच्छ और हरित पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सांसद संजय कुमार झा, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, DAV बीएसईबी के प्राचार्य एसी झा और DAV संस्थान के उपाध्यक्ष अजय सूरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र एवं DAV परिवार के सदस्य मौजूद रहे।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

