नशामुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद हजारीबाग में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा है। गुस्साए परिजनों ने केंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, केंद्र में रह रहे सैकड़ों युवकों ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि घटना के बाद से संचालक के फरार होने की बात सामने आ रही है।
मामला हजारीबाग के कुम्हारटोली इलाके का है। यहां के रहने वाले करीब 35 वर्षीय राम कुमार की जनकल्याण नशामुक्ति केंद्र में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।परिजनों के मुताबिक, राम कुमार को 11 नवंबर 2026 को इस नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि शुक्रवार शाम केंद्र की ओर से इलाज के नाम पर 6,300 रुपये भेजने को कहा गया। इस पर राम कुमार के पिता ने ऑनलाइन 6,000 रुपये ट्रांसफर भी कर दिए। परिजनों का कहना है कि पैसे भेजने के अगले ही दिन, शनिवार सुबह उन्हें मिशन अस्पताल के पास बुलाया गया और बताया गया कि राम कुमार की तबीयत बेहद गंभीर है। लेकिन जब परिजन वहां पहुंचे, तो उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी गई। इस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हंगामे के दौरान केंद्र के भीतर मौजूद सैकड़ों युवकों ने भी संचालक को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का साफ कहना है कि अगर समय पर उचित इलाज और देखभाल मिलती, तो शायद यह स्थिति नहीं आती। उन्होंने इलाज से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
