पूर्णिया : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में गुरुवार,15 अक्टूबर 2026 को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पूर्णिया जिले के भवानीपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित सरकारी अमीन प्रमोद उरांव को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार,निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भवानीपुर अंचल कार्यालय के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी सरकारी अमीन को रंगे हाथ पकड़ा है. आरोपी की पहचान प्रमोद उरांव के रूप में हुई है. वह पूर्णिया जिले के भवानीपुर अंचल में सरकारी अमीन के पद पर कार्यरत बताया गया है.

निगरानी ब्यूरो की ओर से जारी तस्वीर में गिरफ्तार आरोपी के सामने से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि भी बरामद दिखाई गई है. हालांकि,रिश्वत किस काम के बदले मांगी गई थी,इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

बिहार में सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो लगातार कार्रवाई कर रहा है. रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने पर ब्यूरो की टीम जांच करती है और आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.

इस गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी. मामले में विस्तृत जानकारी और आधिकारिक बयान का इंतजार है.

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है,तो इसकी सूचना ब्यूरो को दें. भ्रष्टाचार के खिलाफ शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

संजय कुमार की रिपोर्ट--