पटना : बिहार कैडर के वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी जितेंद्र कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है. उन्हें रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) यानी रेलवे सुरक्षा बल का नया महानिदेशक नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति को केंद्र सरकार की मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है. वह वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे.
31 अक्टूबर को पूरा होगा वर्तमान महानिदेशक का कार्यकाल
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक,मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच कीIPSअधिकारी सोनाली मिश्रा काRPFमहानिदेशक के रूप में कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रहा है. इसके बाद जितेंद्र कुमार इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. हालांकि,उनके पदभार ग्रहण करने की वास्तविक तारीख की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
मार्च 2030 तक मिल सकता है कार्यकाल
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT)की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार,जितेंद्र कुमार की नियुक्ति रेलवे बोर्ड में पे मैट्रिक्स के लेवल-16 के वेतनमान पर की गई है. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक निर्धारित किया गया है. इनमें से जो भी पहले लागू होगा,उसी के अनुसार कार्यकाल प्रभावी रहेगा.
रेलवे सुरक्षा की होगी अहम जिम्मेदारी
रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. रेलवे परिसर,यात्रियों और रेल संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना इस बल की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है. ऐसे में नए महानिदेशक के सामने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर काम करने की जिम्मेदारी होगी.
बिहार कैडर के अधिकारी को केंद्रीय स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से राज्य के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में भी यह नियुक्ति चर्चा का विषय बनी हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
