बिहार के कटिहार जिले में पटना से पहुंची विजिलेंस टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारी चंद्रशेखर सिंह के पैतृक आवास पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित लोहिया नगर मोहल्ले में की जा रही है। जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर सिंह का पैतृक आवास लोहिया नगर मोहल्ले में है, फिलहाल पटना से पहुंची विजिलेंस टीम उनके आवास पर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है। खबर लिखे जाने तक विजिलेंस टीम की छापेमारी जारी थी। छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। विजिलेंस की जांच पूरी होने के बाद ही मामले में विस्तृत जानकारी मिलने की उम्मीद है।
कटिहार से रितेश रंजन की रिपोर्ट

