पटना- दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान राजधानी पटना में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। जारी निर्देश के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को दोपहर 3 बजे से 20 अक्टूबर की रात 10 बजे तक या यातायात सामान्य होने तक शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इस दौरान एंबुलेंस, आपातकालीन वाहन, शव वाहन और पासधारक वाहनों को छोड़कर निर्धारित प्रतिबंध लागू रहेंगे।

पटना में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
ट्रैफिक प्लान के अनुसार, 17 से 20 अक्टूबर तक पटना नगर निगम क्षेत्र में बस, ट्रक, ट्रैक्टर और टाटा-407 समेत मालवाहक एवं यात्री वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, मेट्रो और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े भारी वाहनों के परिचालन पर 15 से 21 अक्टूबर तक रोक रहेगी। दानापुर से अशोक राजपथ की ओर आने वाले भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे वाहन दानापुर कैंट से सगुना मोड़ होते हुए खगौल-दानापुर स्टेशन की ओर जा सकेंगे। दानापुर स्टेशन से बिहटा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को नेहरा होते हुए बिहटा और आरा की तरफ जाने का निर्देश दिया गया है।

अशोक राजपथ पर बदलेगा रूट
अशोक राजपथ और इससे जुड़े मार्गों पर छोटे वाहनों के परिचालन के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। कारगिल चौक से गांधी चौक तक छोटे वाहन दोनों तरफ से चल सकेंगे। गांधी चौक से गायघाट तक छोटे वाहनों के लिए पश्चिम से पूरब की ओर एकतरफा परिचालन रहेगा। गायघाट से चौक मोड़ और पटना सिटी तक भी निर्धारित एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। अशोक राजपथ से राजेंद्रनगर और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले छोटे वाहन गांधी चौक से सैदपुर रोड होते हुए मोइनुलहक स्टेडियम के रास्ते जा सकेंगे।खजांची रोड पर वाहनों का प्रवेश दक्षिण से उत्तर की ओर होगा। मखनियाकुआं रोड के कुछ हिस्सों में वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। गोविंद मित्रा रोड पर दोनों तरफ से यातायात बंद रहेगा, जबकि सब्जीबाग रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। डाकबंगला, आयकर गोलंबर और कोतवाली इलाके में प्रतिबंध डाकबंगला चौराहा, भट्टाचार्य चौराहा, पटना जंक्शन और स्वामीनंदन तिराहा की ओर से डाकबंगला जाने वाले वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। डाकबंगला चौराहे से कोतवाली तक दोनों तरफ के मार्गों पर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। जीपीओ गोलंबर के ऊपर और नीचे से व्यावसायिक वाहन बुद्धमार्ग की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को पश्चिम की ओर आर ब्लॉक चौराहे की दिशा में जाने की व्यवस्था दी गई है।

न्यू डाकबंगला रोड से एसपी वर्मा रोड पर भी वाहनों का परिचालन नहीं होगा
पटना जंक्शन से गांधी मैदान जाने वाले छोटे वाहन गोरियाटोली चौक से एग्जीबिशन रोड होकर जा सकेंगे और वापसी भी इसी मार्ग से होगी।गांधी मैदान और प्रमुख सड़कों पर नो-पार्किंग। गांधी मैदान के चारों ओर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी और पूरे क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है। एसपी वर्मा रोड पर भी किसी प्रकार के वाहन की पार्किंग नहीं होगी। कोतवाली थाना क्षेत्र में टाइटन वॉच मोड़ से सिन्हा लाइब्रेरी मोड़ और छज्जूबाग तक नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। पटना म्यूजियम के आसपास के मार्गों और बुद्धमार्ग पर भी वाहनों की पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल यातायात पुलिस ने वाहनों की पार्किंग के लिए कई स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें फ्रेजर रोड के दोनों फ्लैंक, वीरचंद पटेल पथ का सर्विस लेन, जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक चौराहे तक का एक फ्लैंक, सिन्हा लाइब्रेरी मोड़ से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति जाने वाला मार्ग और पटना साइंस कॉलेज एवं पटना कॉलेज का मैदान शामिल हैं। पटना सिटी क्षेत्र में छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए सिटी स्कूल चौक, मंगल तालाब के आसपास और पटना साहिब रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

ट्रैफिक पुलिस की अपील
पटना यातायात पुलिस ने दुर्गापूजा के दौरान लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी रखें और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं।
पटना से विवेक राय की रिपोर्ट

