दवाओं के रखरखाव में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, बिना बिल के दवा बिक्री की सूचना पर पहुंची ड्रग विभाग की टीम; जांच में जुटे अधिकारी
पटना: राजधानी पटना की प्रसिद्ध दवा मंडी गोविंद मित्रा रोड में ड्रग विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने मां तारा और मां अपर्णा दवा दुकानों में छापेमारी की। इस दौरान दवाओं के रखरखाव में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने की जानकारी मिली है। वहीं, बिना बिल के दवाओं की बिक्री किए जाने की सूचना पर भी विभाग की टीम जांच कर रही है।
दवाओं के रखरखाव में मिली अनियमितताएं
मिली जानकारी के अनुसार, ड्रग विभाग को गोविंद मित्रा रोड स्थित दवा दुकानों में नियमों के उल्लंघन और बिना बिल के दवाओं की बिक्री की शिकायत मिली थी। इसके बाद विभाग की टीम ने मां तारा और मां अपर्णा दुकानों में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। छापेमारी के दौरान दवाओं के रखरखाव में बड़ी अनियमितताएं पाए जाने की बात सामने आई है। दवाओं को निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार रखा जा रहा था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
बिना बिल के दवा बिक्री की भी जांच
ड्रग विभाग की कार्रवाई के दौरान बिना बिल के दवाओं की बिक्री से जुड़ी शिकायतों को भी गंभीरता से लिया गया है। टीम दुकानों से संबंधित दस्तावेजों और दवाओं की खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है। राजधानी की प्रमुख दवा मंडी में हुई इस कार्रवाई के बाद दवा कारोबारियों के बीच हलचल तेज हो गई है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट

