बंदेहरा पंचायत में'वेस्ट टू वेल्थ'मॉडल से बदली किसानों की तकदीर,केले के रेशे से बन रहे बैग,टोकरी और हैंडीक्राफ्ट उत्पाद; 50जीविका दीदियों को मिला रोजगार
पटना: खेतों में सड़कर गंदगी और दुर्गंध फैलाने वाला केले का तना अब बिहार के किसानों के लिए कमाई का नया जरिया बन गया है। खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड की बंदेहरा पंचायत में किसानों ने कचरे से कमाई की ऐसी मिसाल पेश की है, जो पूरे बिहार के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है। यहां किसान केले की फसल से फल बेचने के साथ-साथ उसके बेकार तनों से रेशा, हस्तशिल्प उत्पाद और जैविक खाद तैयार कर अतिरिक्त आमदनी कर रहे हैं। इस पहल से किसानों की आय बढ़ने के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को भी स्थायी रोजगार का अवसर मिल रहा है।
15 एकड़ में केले की खेती, अब तनों से भी हो रही कमाई
बंदेहरा ग्राम पंचायत में करीब 15 एकड़ जमीन पर बड़े पैमाने पर केले की खेती होती है। पहले किसान फल काटने के बाद केले के तनों को बेकार समझकर खेतों में छोड़ देते थे या फेंक देते थे। इससे आसपास गंदगी फैलती थी और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता था। लेकिन लोहिया स्वच्छ भारत अभियान के तहत शुरू हुई पहल ने इस बेकार समझे जाने वाले कृषि अवशेष को कमाई का संसाधन बना दिया। अब केला किसान सहकारी समिति के माध्यम से किसानों को प्रत्येक तने के बदले उचित भुगतान किया जा रहा है।

केले के रेशे से बन रहे बैग, टोकरी और कालीन
केले के तनों की प्रोसेसिंग कर उनसे रेशा निकाला जा रहा है। इस रेशे से पर्यावरण के अनुकूल वस्त्र, टोकरी, बैग, मैट, कालीन और हैंडीक्राफ्ट टोपी जैसे आकर्षक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बंदेहरा पंचायत में तैयार इन उत्पादों की पहुंच अब देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों तक भी हो चुकी है। लोहिया स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक मीरा कुमारी के अनुसार, इस पहल से किसानों को कृषि अवशेषों के निस्तारण पर खर्च नहीं करना पड़ता, बल्कि उन्हें उसी कचरे के बदले आमदनी भी हो रही है।
रेशे के बाद बचे कचरे से बन रही 50रुपये किलो जैविक खाद
इस मॉडल की सबसे खास बात यह है कि केले के तने का कोई हिस्सा बेकार नहीं जा रहा। रेशा निकालने के बाद बचने वाले पल्प वेस्ट यानी अवशेष से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की जा रही है।केला किसान सहकारी समिति के निदेशक बृजेश कुमार के मुताबिक, बाजार में इस जैविक खाद की अच्छी मांग है और इसकी बिक्री करीब 50 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से हो रही है। इस खाद निर्माण कार्य में बंदेहरा और आसपास के क्षेत्रों की करीब 50 जीविका दीदियां सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। इससे महिलाओं को रोजगार और नियमित आमदनी का अवसर मिल रहा है।
70-80एकड़ में जैविक खेती को मिल रहा बढ़ावा
जीविका दीदियां सिर्फ जैविक खाद बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि करीब70 से80 एकड़ जमीन पर सामूहिक रूप से जैविक खेती को भी बढ़ावा दे रही हैं। इससे एक ओर किसानों को जैविक खेती के लिए खाद उपलब्ध हो रही है, तो दूसरी ओर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
मंत्री श्रवण कुमार बोले- कचरा भी बन सकता है कमाई का जरिया
इस पहल को लेकर ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के ग्रामीण इलाकों में हुनर और संसाधनों की कोई कमी नहीं है। किसानों और जीविका दीदियों ने साबित कर दिया है कि थोड़ी सी सूझबूझ से कचरे को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार वेस्ट टू वेल्थ की सोच को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। केले के रेशे और जैविक खाद का यह सफल मॉडल न केवल पर्यावरण को स्वच्छ बना रहा है, बल्कि किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बना रहा है।
कुल मिलाकर, खगड़िया की बंदेहरा पंचायत ने यह साबित कर दिया है कि जिसे कभी किसान बेकार समझकर फेंक देते थे, वही केले का तना आज रोजगार, स्वरोजगार और आर्थिक समृद्धि का माध्यम बन रहा है। यह पहल स्वच्छता के साथ-साथ ग्रामीण आत्मनिर्भरता की भी एक शानदार मिसाल बनकर उभरी है।
नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट

