नई दिल्ली/पटना : भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 2026 में बिहार पर्यटन के पैवेलियन का शुभारंभ सोमवार को किया गया. इस अवसर पर पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश रौशन ने उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार तथा दिल्ली स्थित बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार का स्वागत किया.
बिहार पर्यटन के पैवेलियन में आगंतुकों को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत तथा धार्मिक पर्यटन की विस्तृत जानकारी दी जा रही है. पैवेलियन का उद्देश्य बिहार की समृद्ध पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परिचित कराना तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को राज्य में आकर्षित करना है.
बिहार की विरासत और पर्यटन का प्रदर्शन
पैवेलियन में बिहार के गौरवशाली इतिहास, प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक धरोहरों और स्थानीय कला-संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई है. इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने विभिन्न प्रदर्शनियों एवं स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बिहार की पर्यटन संभावनाओं की सराहना की.
बिहार पर्यटन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही जानकारी से पर्यटकों को राज्य के प्रमुख गंतव्यों, यात्रा संबंधी सुविधाओं और सांस्कृतिक अनुभवों से अवगत कराया जा रहा है. यह पहल बिहार को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
इस अवसर पर उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार, दिल्ली स्थित बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक राजेश रौशन सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.
बिहार पर्यटन विभाग ने सभी आगंतुकों से आईआईटीएफ के दौरान बिहार पर्यटन पैवेलियन का अवलोकन कर राज्य की समृद्ध विरासत, सांस्कृतिक धरोहर एवं पर्यटन संभावनाओं का अनुभव करने का आग्रह किया है.
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-
