21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा, संजय सरावगी ने संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और मंगल पांडेय के साथ की समीक्षा बैठक;सभा स्थल और हेलीपैड का भी लिया जायजा
पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के21 नवंबर को प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर बीजेपी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सोमवार को वैशाली पहुंचे। यहां उन्होंने राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह विधायक मंगल पांडेय समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभा स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
पीएम मोदी के बिहार आगमन को लेकर जनता में उत्साह- संजय सरावगी
समीक्षा बैठक के बाद संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन को लेकर आम लोगों में जबरदस्त उत्साह है। 21 नवंबर को हाजीपुर में होने वाली जनसभा ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगी। उन्होंने दावा किया कि वैशाली समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री को सुनने पहुंचेंगे। उन्होंने बिहार की जनता से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील भी की।
NDA सरकार के एक साल पूरे होने पर विशेष आयोजन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 20 नवंबर को बिहार की वर्तमान एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री एवं एनडीए के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
जनसभा को सफल बनाने में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति और बिहार में विकास कार्यों को मिल रही गति के कारण लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है। भाजपा के कार्यकर्ता जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।उन्होंने वैशाली और आसपास के जिलों के लोगों से 21 नवंबर को हाजीपुर में आयोजित होने वाली जनसभा में शामिल होकर प्रधानमंत्री का स्वागत करने की अपील की। फिलहाल प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर वैशाली में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हैं। अब सबकी निगाहें 21 नवंबर को होने वाली जनसभा पर टिकी हैं।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

