पटना : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा हर घर नल का जल योजना के अंतर्गत केंद्रीय शिकायत निवारण केंद्र (CGRC)की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का उपयोग शुरू किया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों को आसानी से दर्ज कराना तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.

इस नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक विभाग के टोल फ्री नंबरों एवं व्हाट्सऐप नंबर पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. AI आधारित प्रणाली कॉल रिसीव कर शिकायतकर्ता की पूरी बात सुनेगी और शिकायत को दर्ज करेगी. इसके बाद संबंधित शिकायत को संबंधित प्रखंड के कनीय अभियंता के पास कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा. साथ ही संबंधित अंचल, प्रमंडल एवं अवर प्रमंडल के अधिकारियों को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि शिकायत के निष्पादन की प्रभावी निगरानी की जा सके.

इस व्यवस्था की विशेषता यह है कि शिकायत के समाधान के बाद AI प्रणाली पुनः शिकायतकर्ता से संपर्क कर समाधान के प्रति उनकी संतुष्टि की जानकारी लेगी. यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट होते हैं, तो शिकायत को बंद कर दिया जाएगा. वहीं, यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होते हैं, तो शिकायत को पुनः खोलकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस प्रकार शिकायत का निष्पादन केवल अधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदन पर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.

AI आधारित इस पहल से नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने में सुविधा मिलेगी. साथ ही शिकायतों का त्वरित निष्पादन, अधिकारियों की जवाबदेही और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी. यह व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति से संबंधित समस्याओं के समाधान को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाएगी.

शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क करें टोल फ्री नंबर: 1800 123 1121, 155367, 1800 345 1121 इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर: 8544429024 पर कॉल करें.

मंत्री संजय कुमार सिंह ने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है. इसके लिए विभाग लगातार नई तकनीकों को अपना रहा है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और हर घर तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुँचाया जा सके. उन्होंने कहा कि राज्य के सभी ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-