JSSC के विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत 877 पदों पर होनी है नियुक्ति, काउंसलिंग पूरी होने के बावजूद नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से अभ्यर्थियों में बेचैनी
रांची:झारखंड में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे सफल अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। माध्यमिक आचार्य (शिक्षक) पद पर चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास के बाहर पहुंचे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि चयन और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है।
दरअसल, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत माध्यमिक आचार्य के 877 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, उनकी काउंसलिंग की प्रक्रिया 7 जुलाई से 8 अगस्त 2026 के बीच पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से सफल अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है।
हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला
अभ्यर्थियों ने झारखंड हाईकोर्ट में W.P. (PIL) संख्या 2375/2024 में 1 सितंबर 2026 को पारित आदेश का हवाला देते हुए कहा है कि नियुक्ति प्रक्रिया में अब अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि जब चयन और काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, तो सरकार को जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए।
CM हेमंत सोरेन से नियुक्ति की उम्मीद
इसी मांग को लेकर सफल अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं। उन्होंने सरकार से हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए तत्काल नियुक्ति पत्र जारी करने और संबंधित पदों पर योगदान कराने की मांग की है।
हालांकि, अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भरोसा भी जताया है। उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द नियुक्ति का रास्ता साफ करेंगे। फिलहाल सभी की निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं। सफल अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि लंबे इंतजार के बाद जल्द ही उन्हें नियुक्ति पत्र मिल सकेगा और सरकारी शिक्षक बनने का सपना साकार होगा।
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट

