पटनाः बिहार में कथित टेंडर घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच तेज हो गई है। इस मामले में आईएएस अधिकारी आनंद किशोर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, ईडी आज आनंद किशोर से पूछताछ करने की तैयारी में है। टेंडर आवंटन और उससे जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर उनसे कई अहम सवाल पूछे जा सकते हैं। इस कार्रवाई के बाद बिहार के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज होने की संभावना है।
पहले भी दो बार ईडी कर चुकी है तलब
बताया जा रहा है कि ईडी ने इससे पहले भी आनंद किशोर को पूछताछ के लिए दो बार तलब किया था, लेकिन वे दोनों बार ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे। इसके बाद अब केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से आगे की पूछताछ की तैयारी की जा रही है। जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि टेंडर आवंटन की पूरी प्रक्रिया में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है।
टेंडर आवंटन प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितता की जांच
ईडी की जांच के केंद्र में टेंडर आवंटन की प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेज, शिकायतें और कथित वित्तीय अनियमितताएं हैं। एजेंसी यह भी पड़ताल कर रही है कि टेंडर जारी करने से लेकर उसके आवंटन तक निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं। मामले में कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
जांच एजेंसी विभिन्न दस्तावेजों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आनंद किशोर से होने वाली पूछताछ को इस जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, पूछताछ में क्या सवाल पूछे जाएंगे और जांच के दौरान अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
फिलहाल, बिहार के चर्चित टेंडर घोटाले में ईडी की इस कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। आने वाले दिनों में पूछताछ और जांच के आधार पर इस मामले में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

