पटना: बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक बैठक दोपहर में मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में आयोजित होगी। इस बैठक में राज्य के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार और विभिन्न विभागों में पद सृजन से जुड़े प्रस्तावों पर सबकी नजर रहेगी।
बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग के महत्वपूर्ण एजेंडे पर चर्चा होने और प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। वहीं पंचायती राज विभाग की योजनाओं और प्रस्तावों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय हो सकते हैं। इसके अलावा पथ निर्माण विभाग से जुड़े एजेंडों पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है। इन विभागों के फैसलों का सीधा संबंध ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क, पंचायत व्यवस्था और राज्य में आधारभूत संरचना के विकास से है।
कैबिनेट बैठक में रोजी-रोजगार से जुड़े प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। विभिन्न विभागों में प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार नए पदों के सृजन का प्रस्ताव चर्चा में रह सकता है। पद सृजन से सरकारी विभागों में कामकाज को मजबूत करने और भविष्य में नियुक्तियों का रास्ता तैयार होने की उम्मीद है। हालांकि कितने पदों का सृजन होगा और किन विभागों में होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी कैबिनेट के निर्णयों के बाद ही स्पष्ट होगी।
बैठक में मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों के साथ संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सम्राट सरकार की इस बैठक में ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सड़क निर्माण, रोजगार और पद सृजन को लेकर कौन-कौन से प्रस्ताव मंजूर किए जाते हैं। बैठक के बाद जारी होने वाली कैबिनेट की निर्णय सूची से तस्वीर साफ होगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

