CAITके सर्वेक्षण में खुलासा,दिल्ली-NCRमें 9हजार और झारखंड में 6हजार करोड़ का कारोबार;स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को मिला बड़ा लाभ
पटनाः लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा ने इस बार आस्था के साथ-साथ बाजारों में भी आर्थिक रौनक बढ़ाई। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के सर्वेक्षण के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर देशभर में60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। इसमें बिहार की हिस्सेदारी करीब16 हजार करोड़ रुपये रही।
CAIT बिहार के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बिहार में छठ पूजा के दौरान बड़े पैमाने पर खरीदारी हुई। कारोबार के मामले में बिहार के बाद दिल्ली-NCR में करीब9 हजार करोड़ रुपये और झारखंड में लगभग6 हजार करोड़ रुपये का व्यापार हुआ।
राजधानी पटना के बाजारों में भी छठ पूजा को लेकर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। यहां करीब600 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। वहीं, अकेले पूजा सामग्री का कारोबार100 से250 करोड़ रुपये के बीच रहा।
सूप-दउरा से लेकर पीतल के बर्तनों तक की खूब हुई बिक्री
छठ पूजा के दौरान पारंपरिक पूजा सामग्री की मांग में खासा इजाफा हुआ। बांस से बने सूप और दउरा, मिट्टी के चूल्हे, फल, कपड़े और पीतल के बर्तनों की जमकर खरीदारी हुई। बाजारों में स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ने से छोटे दुकानदारों और पारंपरिक कारोबारियों को भी अच्छा कारोबार मिला।
स्थानीय कारीगरों और किसानों को मिला आर्थिक लाभ
छठ पूजा के इस बड़े बाजार का सीधा फायदा स्थानीय कारीगरों, किसानों, फल विक्रेताओं, बांस शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों को मिला। पूजा में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक वस्तुओं की बिक्री ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान की।
CAIT के मुताबिक, छठ पूजा अब धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ-साथ स्वदेशी उत्पादों तथा स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने वाले बड़े आर्थिक पर्व के रूप में भी उभर रही है। इससे स्थानीय बाजारों को नई गति मिल रही है और पारंपरिक व्यवसायों को आर्थिक संबल मिल रहा है।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट

