शुरुआती पुलिस जांच,घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और केस डायरी को लेकर किए गए सवाल;नामजद आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप की होगी फॉरेंसिक जांच

रांची: निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। मामले की कड़ियों को जोड़ने और शुरुआती पुलिस जांच की पड़ताल के लिए सीबीआई ने पिठोरिया के तत्कालीन थाना प्रभारी सतीश पांडे से पूछताछ की है। इस दौरान उनसे शुरुआती जांच की प्रक्रिया, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और केस डायरी से जुड़े कई अहम सवाल किए गए।

सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई ने तत्कालीन थाना प्रभारी से यह जानने की कोशिश की कि घटना के बाद पुलिस ने किन परिस्थितियों में जांच शुरू की थी और साक्ष्य जुटाने के दौरान कौन-कौन सी प्रक्रियाएं अपनाई गई थीं। पूछताछ के दौरान उनका बयान भी दर्ज किया गया है।

नामजद आरोपियों से भी हो चुकी है पूछताछ

इससे पहले सीबीआई की टीम मामले में नामजद आरोपी ज्योत्स्ना केरकेट्टा और अजय तिर्की से भी कई घंटों तक पूछताछ कर चुकी है। जांच के क्रम में दोनों के ठिकानों से मोबाइल फोन, लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

डिजिटल साक्ष्यों की होगी फॉरेंसिक जांच

सीबीआई अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी में है। इसके जरिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच एजेंसी इन साक्ष्यों के माध्यम से मामले से जुड़े घटनाक्रम और संबंधित लोगों की भूमिका की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

परिजनों और संगठनों ने उठाई थी निष्पक्ष जांच की मांग

गौरतलब है कि निशा भगत की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। लगातार उठ रही मांगों के बाद राज्य सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।

फिलहाल सीबीआई अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। तत्कालीन थाना प्रभारी से पूछताछ, नामजद आरोपियों से सवाल-जवाब और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच को मामले की जांच में अहम माना जा रहा है।

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट